रातों रात लखपति बना मजदूर, ऐसे बदली किस्मत

punjabkesari.in Monday, Nov 25, 2019 - 01:24 PM (IST)

जालंधरः कहते हैं भगवान जब देता है तो छप्पर फाड़ के देता है। ऐसा ही मामला जालंधर में प्रकाश में आया जब एक रबड़ फैक्टरी में मजदूर के तौर पर काम करने वाले विनोद कुमार की रातों-रात किस्मत चमक गई। पंजाब स्टेट मां लक्ष्मी दिवाली पूजा बंपर 2019 का 20 लाख रुपए का दूसरा ईनाम जीतकर विनोद कुमार रातों-रात लखपति बन गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार विनोद कुमार 1989 से जालंधर में रह रहा है और वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गौंडा जिले का रहने वाला है। तीन बेटों और एक बेटी के पिता विनोद कुमार ने कहा कि जब उसने अपनी लॉटरी का मिलान विजेता टिकट नंबर ए-111864 के साथ किया तो उसे विश्वास ही नहीं हुआ। यह राशि जीतने के पश्चात उसने ईनामी राशि के लिए अपना दावा पंजाब स्टेट लॉटरी विभाग में पेश कर दिया है और विभाग के अधिकारियों ने उसे विश्वास दिलाया कि उसे ईनामी राशि का भुगतान शीघ्र ही कर दिया जाएगा। 

ईनाम जीतने वाले विनोद कुमार ने कहा कि उसने कभी अपने सपनों में भी नहीं सोचा था कि वह इनती बड़ी राशि जीत सकता है लेकिन पंजाब स्टेट दिवाली बंपर की बदौलत ही यह संभव हुआ है। राज्य सरकार द्वारा लॉटरी के निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से ड्रा निकाले जाने पर विश्वास प्रकट करते हुए विनोद कुमार ने कहा कि वह इस राशि से अपने परिवार द्वारा झेली जा रही वित्तीय समस्याओं को हल करेगा। गौरतलब है कि बंपर के ड्रा की घोषणा 1 नवंबर, 2019 को लुधियाना में की गई थी। 2.50-2.50 करोड़ के पहले 2 ईनाम लुधियाना के डेयरी फार्म मालिक अमनदीप सिंह व हिमाचल प्रदेश के पेशे से पेंटर संजीव कुमार का निकला था।

Vaneet