Punjab में उमस भरी गर्मी बनी मुसीबत, वायरल बुखार के साथ डेंगू ने भी दी दस्तक

punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 01:03 PM (IST)

माछीवाड़ा साहिब : पंजाब में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी के कारण जहां लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं वायरल बुखार और अन्य बीमारियों के मरीजों की संख्या भी अस्पतालों में बढ़ने लगी है। माछीवाड़ा के निजी अस्पतालों में वायरल बुखार के मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इसके अलावा खांसी, जुकाम, उल्टी जैसी बीमारियां भी लोगों को अपनी चपेट में ले रही हैं।

आमतौर पर डेंगू के मामले अक्टूबर-नवंबर में सामने आते हैं, लेकिन इस बार इसकी शुरुआत 2-3 महीने पहले ही हो गई है। निजी अस्पतालों से मिली जानकारी के अनुसार, फिलहाल डेंगू के शुरुआती मामले सामने आ रहे हैं। बुखार के कारण मरीजों के प्लेटलेट्स कम हो रहे हैं और 1-2 मरीजों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव भी आई है। समय से पहले डेंगू के मामले सामने आना चिंता का विषय माना जा रहा है। सरकारी अस्पताल के एसएमओ डॉ. लखविंदर सिंह ने बताया कि उमस भरी गर्मी के कारण अधिक पसीना आने से वायरल बुखार के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लार्वा की जांच कर रही हैं और लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में निश्चित रूप से वृद्धि हुई है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। 

बच्चे और बुजुर्ग गर्मी से बचने के लिए घर से बाहर न निकलें : डॉ. सुनील दत्त
MBBS डॉ. सुनील दत्त ने बताया कि इस बार पंजाब में मानसून की बारिश पर्याप्त नहीं हुई, जिसके कारण उमस और गर्मी बढ़ गई है और लोग बीमार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय वायरल बुखार के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। डॉ. दत्त ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों और बुजुर्गों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि बीमारियों से बचने के लिए बाहर का जंक फूड खाने से परहेज करें और घर का ताजा व सादा भोजन ही खाएं। उन्होंने यह भी कहा कि पानी को उबालकर पीना चाहिए और विशेष रूप से बच्चों एवं बुजुर्गों को उबला हुआ पानी ही दिया जाए। साथ ही, जिस व्यक्ति को वायरल बुखार, खांसी या जुकाम हो, उससे उचित दूरी बनाए रखें, क्योंकि इसके संक्रमण के कीटाणु तेजी से फैलते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News