Punjab : दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, छुट्टी पर आए फौजी की मौत
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 10:29 PM (IST)
श्री अच्चल साहिब, (गोरा चाहल): थाना रंगड़ नंगल के अधीन आते गांव रंगड़ नंगल में छुट्टी पर आए एक फौजी की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, फौजी ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
इस संबंध में गांव के सरपंच जसबीर सिंह और मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि मृतक निरमलजीत सिंह, पुत्र स्वर्गीय अमरजीत सिंह, निवासी रंगड़ नंगल, राजस्थान में सेना में तैनात था। वह कुछ दिन पहले अपने पिता के बरसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छुट्टी पर घर आया था। 11 तारीख को उसका परिवार—जिसमें उसकी माता, पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं—हजूर साहिब की यात्रा पर गए हुए थे, जबकि निरमलजीत सिंह घर में अकेला रह रहा था।
बताया जा रहा है कि आज दोपहर उसके एक दोस्त ने घर आकर देखा तो निरमलजीत सिंह ने पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी थी। इसकी सूचना तुरंत थाना रंगड़ नंगल पुलिस को दी गई। मौके पर एसएचओ गुर इकबाल सिंह और डीएसपी श्री हरगोबिंदपुर साहिब हरीश बहल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि मृतक अपने पीछे वृद्ध माता, पत्नी और 7 व 9 साल के दो बच्चों को छोड़ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


