Punjab Wrap Up: कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात करने दिल्ली पहुंचे सिद्धू तो वहीं मोगा में किसानों और पुलिस में झड़प, पढ़ें दिन भर की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Feb 08, 2021 - 09:57 PM (IST)

जालंधरः पंजाब कांग्रेस के नेता नवजोत सिद्धू आज पार्टी हाईकमान से मुलाकात के लिए दिल्ली पहुंचे है। तो वहीं मोगा में भाजपा के कार्यक्रम में भाल लेने आए भाजपा नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा और इस दौरान पुलिस और किसानों में झड़प भी देखने को मिली। इसके अलावा आज जालंधर में अपने माता-पिता के साथ एक्टिवा के आगे बैठकर जा रही 5 साल की मासूम बच्ची ड्रैगन डोर की चपेट में आ गई, जिस कारण बच्ची का चेहरा बुरी तरह से कट गया। हम आपके लिए लाए हैं ऐसी खबरें जो आप अपने व्यस्त शेड्यूल के चलते मिस कर जाते हैं। इस न्यूज बुलेटिन में हम आपको पंजाब से जुड़ी बड़ी खबरें बताने जा रहे हैं।

कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात करने दिल्ली पहुंचे नवजोत सिद्धू

लंबे समय से पार्टी गतिविधियों से दूर रहने के बाद पंजाब कांग्रेस के नेता नवजोत सिद्धू आज पार्टी हाईकमान से मुलाकात के लिए दिल्ली पहुंचे है। सोमवार को 10 जनपथ पर नवजोत सिद्धू के साथ पंजाब प्रभारी हरिश रावत भी नजर आए।  सूत्रों अनुसार वह आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे पंजाब और किसानों के मसले पर चर्चा कर सकते है। बता दें कि  कृषि बिलों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन का नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा पहले दिन से समर्थन किया जा रहा है, जिसके तहत वह लगभग रोजाना ट्वीट के जरिए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं। 

ठेकेदार आत्महत्या मामला, विधायक राजा वड़िंग के साले डंपी पर केस दर्ज
नारायण नगर में गत दिवस एक ठेकेदार नौजवान ने अपने 2 मासूम बच्चों और पत्नी को गोलियां मारकर खुद को भी गोली मार ली थी। इस मामले में पुलिस ने सुसाइड नोट व मृतक के छोटे भाई के बयानों के आधार पर विधायक राजा वडिंग़ के साले डम्पी विनायक पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में धारा 306 के अंतर्गत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।

मोगा में भाजपा नेता सांपला का किसानों ने किया विरोध, पुलिस व किसानों में झड़प

मोगा में भाजपा के कार्यक्रम में भाल लेने आए भाजपा नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। किसान बिलों के विरोध में दिन-ब-दिन किसानों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है और आए दिन भाजपा नेताओं का विरोध लगातार जारी है। नगर निगम मोगा में अलग-अलग वार्डों में चुनाव लड़ रहे भाजपा के उम्मीदवारों का चुनाव प्रचार करने पहुंचे।

किसानों के तीखे विरोध के कारण भाजपा प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा का नवांशहर दौरा रद्द
आज नवांशहर में भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रधान अश्वनी कुमार शर्मा की आमद का विरोध करने जा रहे किसानों पर पुलिस दरा किए गए हल्के बल प्रयोग के साथ स्त्री जागृति मंच की प्रदेश प्रधान बीबी गुरबख्श कौर संघा, जमहुरी अधिकारी सभा के प्रैस सचिव बूटा सिंह सहित चार व्यक्ति घायल हो गए। पर इसके बावजूद वह कमयूनिटी हाल का घेराव करने में सफल रहे। यहां भाजपा के प्रदेश प्रधान ने भाजपा कार्यकताओ की मीटिंग को संबोधन करना था। किसानों के तीखे विरोध की भनक मिलते भाजपा नेता ने अपना नवांशहर दौरा रद्द कर ना ही बेहतर समझा। 

चंद लोगों के Fun ने क्या हाल कर दिया मासूम बच्ची का, पढ़ें दिल दहला देने वाला मंजर

‘पंजाब केसरी’ द्वारा ड्रैगन डोर के खतरे को लेकर प्रकाशित की जा रही खबरों के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई कड़ा एक्शन नहीं लिया गया जिसके कारण शहर के मासूम बच्चों की जिंदगी खतरे में पड़ रही है। प्रशासन की लापरवाही व चंद लोगों के खेल के कारण  रविवार दोपहर प्रीत नगर, सोढल रोड पर अपने माता-पिता के साथ एक्टिवा के आगे बैठकर जा रही 5 साल की मासूम बच्ची ड्रैगन डोर की चपेट में आ गई, जिस कारण बच्ची का चेहरा बुरी तरह से कट गया। खून से लथपथ बच्ची को निजी अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसके चेहरे पर करीब 15 टांके लगाने पड़े। 

तेल व रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का 11 फरवरी को प्रदेश में प्रदर्शन
पंजाब कांग्रेस पेट्रोल डीजल व रसोई गैस की कीमतों में मोदी सरकार की ओर से लगातार की जा रही वृद्धि के खिलाफ 11 फरवरी को राज्य के हर शहर में धरना या रोष मार्च करेगी। रोष प्रदर्शन सुबह 11:00 बजे से बाद दोपहर 1:00 बजे तक होंगे। यह जानकारी आज यहां पार्टी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आज यहां एक बयान में दी है। 

पंजाब से फरार खालिस्तानी आतंकी जगदेव सिंह उर्फ जग्गा लखनऊ में गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर क्षेत्र से सोमवार को पंजाब से फरार खालिस्तानी समर्थक आतंकी परमजीत उर्फ पम्पा एवं मलतानी सिंह के साथी जगदेव सिंह उर्फ जग्गा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब पुलिस के विशेष दस्ते और लखनऊ सर्विलांस टीम और विकासनगर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सूचना मिलने पर पंजाब से लखीमपुर के रास्ते लखनऊ आ रहे खालिस्तानी आतंकी जगदेव सिंह जग्गा को सचिवालय चौराहा सैक्टर सी जानकीपुरम से सोमवार दोपहर करीब 2 बजे गिरफ्तार किया गया।    

जालंधर में RTA के गनमैन द्वारा बस यूनियन नेता पर AK-47 तानने का आरोप
सैकेट्री, आर.टी.ए बरजिन्द्र सिंह ने उनके गनमैनों द्वारा ए.के.-47 तानने और अन्य सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि वह ए.सी.पी ट्रैफिक व सुरक्षा कर्मियों के साथ बस स्टैंड फ्लाईओवर के नीचे रूटीन चैकिंग करने पंहुचे थे। जहां से अक्सर बिना परमिट के बसों द्वारा प्रवासियों को यू.पी व अन्य राज्यों में लेकर जाए जाने की शिकायतें मिली थी। जहां पंहुचने पर 1-2 लोग उनसे चैकिंग न करने को लेकर बहसबाजी करते हुए चैकिंग न करने को दवाब बनाने लगेे। जिस पर उनके सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से रोका था।

Content Writer

Mohit