Punjab Top 10: पढ़ें दिन भर की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Tuesday, Jan 18, 2022 - 10:12 PM (IST)

जालंधर: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कन्वीनर व दिल्ली सी.एम. केजरीवाल द्वारा आम आदमी पार्टी के सी.एम. चेहरे से पर्दा उठा दिया है। हालांकि कांग्रेस हाईकमान ने अभी तक पंजाब में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। ऐसी ही दिनभर की खास खबरें हम आपके लिए लाए हैं जो आप अपने व्यस्त शेड्यूल के चलते मिस कर जाते हैं। इस न्यूज बुलेटिन में हम आपको पंजाब से जुड़ी बड़ी खबरें बताने जा रहे हैं।
अब 'मान' के हाथ होगी पंजाब की कमान, 'आप' ने किया पंजाब का CM चेहरा घोषित
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कन्वीनर व दिल्ली सी.एम. केजरीवाल द्वारा आम आदमी पार्टी के सी.एम. चेहरे से पर्दा उठा दिया है। मोहाली में प्रेस कान्फ्रेंस दौरान उन्होंने भगवंत मान को पंजाब का सी.एम. चेहरा घोषित किया है।
पंजाब में CM चेहरा हो सकते हैं 'चरणजीत सिंह चन्नी', कांग्रेस ने जारी की वीडियो
हालांकि कांग्रेस हाईकमान ने अभी तक पंजाब में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद कह रहे हैं कि असली मुख्यमंत्री वहीं हैं या असली बादशाह वहीं है जिसे जबरन कुर्सी पर बिठाया जाए।
बदलेगा मौसम का मिजाज, इस दिन बारिश पड़ने के आसार
पंजाब में इस समय ठंड ने अपना पूरा जोर पकडा हुआ है और कई दिनों से धूप बिल्कुल नहीं निकल रही। मौसम विभाग चंडीगढ़ के डायरेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि अभी सूरज देवता के 2 से 3 दिन तक दर्शन संभव नहीं हैं।
सी.एम. चन्नी के भतीजे के घर ED की रेड, देखें सामने आई घर की तस्वीरें
मंगलवार सुबह ई.डी. द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी रिश्तेदार के घर अवैध माइनिंग मामले के चलते रेड की गई। इस मामले में अब कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं। इन तस्वीरों में सी.एम. चन्नी के भतीजे का लुधियाना स्थित घर दिखाई दे रहा है जहां ई.डी. द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
पंजाब में ED की छापेमारी पर CM चन्नी की दहाड़
पंजाब में नाजायज माइनिंग संबंधित इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ई.डी.) की तरफ से मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के एक करीबी के घर छापेमारी की गई। इस बारे अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि जब वेस्ट बंगाल में चुनाव हुआ था तो ममता बैनर्जी के रिश्तेदारों को भी इसी तरह ही टारगेट किया गया था। उन्होंने कहा कि उसी तर्ज पर अब पंजाब में ई.डी. उन पर दबाव डालने की कोशिश कर रही है।
हाईकोर्ट ने मजीठिया को दी राहत, इस तारीख तक बढ़ाई अंतरिम जमानत
हाईकोर्ट ने ड्रग केस में फंसे अकाली नेता बिक्रम मजीठिया को राहत देते हुए अंतरिम जमानत 24 जनवरी तक बढ़ा दी है। बिक्रम सिंह मजीठिया की जमानत याचिका पर आज पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जिस दौरान हाईकोर्ट ने मजीठिया को राहत देते हुए उनकी अंतरिम जमानत 24 जनवरी तक बढ़ा दी है।
चुनावों से पहले ED की रेड को लेकर गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने केंद्र पर लगाए आरोप
पंजाब कांग्रेस मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी और रणदीप सुरजेवाला ने आज यहां एक प्रैस कॉन्फ्रैंस की। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। आज ई.डी. द्वारा मुख्यमंत्री चन्नी के रिश्तेदारों के परिसरों पर छापेमारी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों और दलितों से बदला ले रही है। पंजाब में अनुसूचित जाति का एक मुख्यमंत्री है इसलिए ई.डी. भेजी गई।
वैक्सीन की दोनों डोज न लगवाने वाले सरकारी अध्यापकों के लिए जारी हुए निर्देश
कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज न लगवाने वाले सरकारी अध्यापकों का जनवरी महीने में वेतन रोकने के निर्देश जारी हुए हैं शिक्षा विभाग ने कोरोना के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए वैक्सीन न लगवाने वाले अध्यापकों पर शिकंजा कसा है जिले अमृतसर में अभी तक 40 अध्यापक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
आखिर क्यों सुखपाल खैहरा ने सोनिया गांधी को लिखा पत्र
पंजाब के तीन विधायक व सुखपाल खैहरा ने सोनिया गांधी को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने सोनिया गांधी से अपील की है कि मंत्री राणा गुरजीत को बर्खास्त किया जाए। उनके बेटे राणा इंदर प्रताप सिंह ने कांग्रेस पार्टी से बागी होकर आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इससे कांग्रेस की संभावनाओं को खराब करने की कोशिश की जा रही है।
कोरोना का प्रकोप बढ़ा, लुधियाना में 6 की मौत व इतने केस आए पॉजिटिव
महानगर में कोरोना के चल रहे प्रकोप से 1040 और व्यक्ति संक्रमण का शिकार होकर सामने आए हैं जबकि 6 मरीजों की मौत हो गई। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार इन मरीजों में 914 मरीज जिले के रहने वाले हैं जबकि 126 दूसरे जिलों व राज्यों से संबंधित हैं। उन्होंने बताया कि जिन 6 मरीजों की आज मौत हुई है उनमें से 3 जिले के रहने वाले थे जबकि एक-एक मरीज जालंधर, फिरोजपुर तथा मलेरकोटला का रहने वाले थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here