Punjab Top 10: पढ़ें दिन भर की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Thursday, Feb 03, 2022 - 10:23 PM (IST)

जालंधर: पंजाब में कांग्रेस के सी.एम. फेस को लेकर होने वाले ऐलान पर अब सभी की नजरें राहुल गांधी के ऊपर टिकी हुई हैं। जिला फिरोजपुर में आज 62 नए कोरोना के केस आए हैं, जबकि 36 संक्रमित ठीक हुए हैं। राज्य में जहां विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वहीं नेताओं द्वारा अन्य दलों में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। ऐसी ही दिनभर की खास खबरें हम आपके लिए लाए हैं जो आप अपने व्यस्त शेड्यूल के चलते मिस कर जाते हैं। इस न्यूज बुलेटिन में हम आपको पंजाब से जुड़ी बड़ी खबरें बताने जा रहे हैं।
कांग्रेस में सी.एम. फेस को लेकर बोले सिद्धू, दिया यह बड़ा बयान
पंजाब में कांग्रेस के सी.एम. फेस को लेकर होने वाले ऐलान पर अब सभी की नजरें राहुल गांधी के ऊपर टिकी हुई हैं। बताया जा रहा है कि 6 तारीख को राहुल गांधी लुधियाना में रैली करेंगे, जिस दौरान वहां पर वह सी.एम. चेहरे का ऐलान भी करेंगे। हालांकि राजनीतिक हलकों में यही चर्चाएं चल रही हैं कि हाईकमान चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब के सी.एम. चेहरे के रूप में पेश कर सकता है।
कोरोना कहर: फिरोजपुर में BSF के जवानों सहित इतने लोगों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
जिला फिरोजपुर में आज 62 नए कोरोना के केस आए हैं, जबकि 36 संक्रमित ठीक हुए हैं। जिन लोगों की आज रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उनमें डी.सी. कार्यालय के कई कर्मचारी, बी.एस.एफ. के कई जवान, रेलवे कॉलोनी के सदस्य और एक शराब फैक्ट्री का कर्मचारी भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार फिरोजपुर शहर व छावनी की बस्ती निजामुद्दीन, बांसी गेट, लोको कॉलोनी, खटीक मंडी, बाग फूलचंद, अजीत नगर, मोहल्ला धर्मपुरा, गांव आरिफके, झोक हरिहर, झोक टहल सिंह, गांव शहजादी, बस्ती प्यारेआना, मतड हिठाड और मलांवाला आदि शामिल हैं।
सरकारों द्वारा किए गए झूठे वादों का जीता जागता उदाहरण
चुनाव से पहले राजनीतिक नेताओं द्वारा मतदाताओं को लुभाने के लिए अलग-अलग जगहों पर नींव पथर रखे जाते हैं। लेकिन शायद ही ये नेता नींव पत्थर रखने के बाद उस तरफ दोबारा देखते भी हों। यही कारण है कि बाद भी ये नींव के पत्थर ही बने रहते हैं, ये किसी भी इमारत का रूप नहीं लेते हैं। ऐसा ही एक उदाहरण बठिंडा के अब्लू गांव में देखने को मिला, जहां सरकारों द्वारा छोड़े गए अधूरे काम देखे जा सकते हैं। बेशक आज भी राजनीतिक दलों के नेता लोगों से बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं लेकिन उससे पहले अगर कैप्टन अमरिंदर सिंह की बात करें तो 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान वह घर-घर जाकर रोजगार, नशा खत्म करने व अन्य कई वादे किए गए थे।
चुनावों से पूर्व कांग्रेस को झटका, इस नेता ने थामा आम आदमी पार्टी का दामन
राज्य में जहां विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वहीं नेताओं द्वारा अन्य दलों में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी दरमियान आज कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए पूर्व पी.पी.सी.सी. प्रमुख और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एच.एस. हंसपाल आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। पता चला है कि हंसपाल अपने बेटे के लिए साहनेवाल से टिकट मांग रहे थे। पूर्व कांग्रेसी नेता हंसपाल ने आम आदमी पार्टी के सी.एम. फेस भगवंत मान के नेतृत्व में पार्टी ज्वाइन की है।
94 साल की उम्र में चुनाव प्रचार को लेकर प्रकाश सिंह बादल का बयान
विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आते ही सभी पार्टियों के नेताओं ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। लंबे समय से चुनाव लड़ रहे शिरोमणि अकाली दल-बसपा प्रत्याशी प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि वह अपने राजनीतिक अनुभव के आधार पर कह रहे हैं कि पंजाब में केवल शिअद-बसपा गठबंधन ही सरकार बनाएगी। प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि उन्हें अपनी उम्र से ज्यादा पार्टी के हितों में दिलचस्पी है। उन्होंने कहा कि यह युवा या वृद्धावस्था की बात नहीं है, लेकिन पार्टी द्वारा लगाया गया कर्तव्य उनकी उम्र से अधिक महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्टी का आदेश कठिन हो या आसान वह सबसे ऊपर है।
पंजाब चुनाव : भाजपा ने अपने 30 स्टार प्रचारकों की सूची की जारी, कई दिग्गज नेताओं को किया शामिल
राज्य में विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। बताया जा रहा है कि भाजपा द्वारा इस सूची में 30 नेताओं को स्टार प्रचारकों के रूप में शामिल किया गया है। भाजपा द्वारा अपनी स्टार प्रचारक सूची में कई दिग्गज नेताओं को शामिल किया गया है जिनमें प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, अनुराग ठाकुर, हरदीप पुरी, जे.पी. नड्डा, नितिन गड़करी, पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी के साथ-साथ हरजीत ग्रेवाल, सन्नी देयोल, हेमा मालिनी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत, सोम प्रकाश, अविनाश राय खन्ना और तरुण चुघ आदि के नाम शामिल हैं।
नवजोत सिद्धू को मिली राहत, सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई टली
नवजोत सिंह सिद्धू की रोड रेज मामले को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार इस मामले की सुनवाई फिलहाल टल गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई को 25 फरवरी तक मुल्तवी कर दिया है। नवजोत सिंह सिद्धू की रोड रेज मामले में आज रिव्यू पटीशन पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी थी। अब बड़ी खबर सामने आ रही है कि रिव्यू पटीशन पर होने वाली अगली सुनवाई 25 फरवरी को होगी। चुनावों के बाद ही सुप्रीम कोर्ट इस मामले में अगली सुनवाई करेगा।
विधानसभा चुनाव: कांग्रेस से नाराज इस वरिष्ठ नेता ने थामा आम आदमी पार्टी का हाथ
भगवंत मान ने आज चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रैंस की। इस दौरान उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार अपनी पार्टी छोड़ आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। मान ने कहा कि 3 बार कैबिनेट में मंत्री रह चुके खरड़ के वरिष्ठ नेता जगमोहन सिंह कंग ने आज कांग्रेस पार्टी को अलविदा कह दिया और आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। उनके साथ उनके 2 बेटे अमरिंदर सिंह और यदविंदर सिंह, जो यूथ कांग्रेस पार्टी के सदस्य थे, ने भी आम आदमी पार्टी में उनके पिता के साथ हाथ मिलाया है।
इस दिन होगा कांग्रेस के CM चेहरे का ऐलान, खुद चरणजीत चन्नी ने दिए संकेत
पंजाब विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को सी.एम. फेस को लेकर सस्पैंस अभी भी बरकरार है। इसी बीच अब एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार जल्द ही कांग्रेस के सी.एम. चेहरे का ऐलान कर दिया जाएगा। पंजाब के मुख्यंमत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने खुद इस बात के संकेत दिए हैं कि सी.एम. चेहरे को लेकर जो सस्पेंस बना हुआ है वो जल्द ही खत्म हो जाएगा। चन्नी ने संकेत देते बताया कि 6 फरवरी को कांग्रेस का सी.एम. चेहरा घोषित कर दिया जाएगा।
कैनेडा गए पंजाबी नौजवान की सड़क हादसे में हुई मौत, छाया मातम
ब्लाक धालीवाल के अधीन आते गांव कंग के एक नौजवान की कैनेडा में हुए सड़क हादसे के दौरान मौत हो जाने की खबर सामने आई है। मृतक नौजवान की पहचान शरनप्रीत सिंह (26) के तौर पर हुई है। बीते दिनों एक सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई, जिसकी सूचना मिलने पर परिवार और गांव वासियों में शोक की लहर पाई जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Her