Punjab Wrap Up: लुधियाना रेलवे स्टेशन पर GST विभाग की बड़ी Raid तो वहीं 2022 में विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर सुखबीर बादल का बड़ा ऐलान, पढ़ें सभी बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Mar 14, 2021 - 06:15 PM (IST)

जालंधर: स्टेट जी.एस.टी विभाग के मोबाइल विंग ने स्थानीय लुधियाना रेलवे स्टेशन से दिल्ली के रास्ते लुधियाना पहुंचे 99 नग कब्जे में लिए। यह नग बिना बिल व पर्ची के थे। तो वहीं पंजाब में निकाय चुनावों के बाद अब 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। मिली जानकारी अनुसार आज एक रैली को संबोधन करते हुए शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने ऐलान किया कि वो आगामी विधानसभा में जलालाबाद से चुनाव लड़ेंगे। ऐसी ही दिनभर की खास खबरें हम आपके लिए लाए हैं जो आप अपने व्यस्त शेड्यूल के चलते मिस कर जाते हैं। इस न्यूज बुलेटिन में हम आपको पंजाब से जुड़ी बड़ी खबरें बताने जा रहे हैं। 

2022 में विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर सुखबीर बादल का बड़ा ऐलान
पंजाब में निकाय चुनावों के बाद अब 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। मिली जानकारी अनुसार आज एक रैली को संबोधन करते हुए शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने ऐलान किया कि वो आगामी विधानसभा में जलालाबाद से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने आगे कहा की चुनावों के लिए शिरोमणि अकाली दल की तरफ से पहले उम्मीदवार का नाम घोषित करते हुए वह जलालाबाद में लड़ेंगे। उन्होंने लोगों से इन चुनाव में साथ देने की भी अपील की। 

लुधियाना रेलवे स्टेशन पर GST विभाग की बड़ी Raid
स्टेट जी.एस.टी विभाग के मोबाइल विंग ने स्थानीय लुधियाना रेलवे स्टेशन से दिल्ली के रास्ते लुधियाना पहुंचे 99 नग कब्जे में लिए। यह नग बिना बिल व पर्ची के थे। इन नगो में रेडीमेड गारमेंट्स, परचून, मोबाइल एसेसरीज का माल था। सूचना के आधार पर की गई ये कार्यवाई सुबह 6 बजे से शुरू होकर दोपहर 11 बजे तक चली। 

पाक की नापाक हरकत: भारत-पाक सीमा पर फिर दिखा ड्रोन, जवानों ने की फायरिंग
भारत-पाक सीमा की डिंडा पोस्ट पर आज एक बार फिर से पाकिस्तानी ड्रोन दिखने का मामला सामने आया है। ऐसे में सीमा की सुरक्षा पर तैनात जवानों ने पाकिस्तान की तरफ से आए ड्रोन को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी जिससे ड्रोन पाकिस्तान की तरफ वापस चला गया। इस संबंध में जानकारी मिलते ही प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है और मामले की जांच के लिए उस क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी जवानों की तरफ सीमा के आसपास में सर्च अभियान चलाया गया था।   

Road Transport and Highways विभाग ने नई योजना का किया ऐलान, 1 अप्रैल से लागू होंगे नए नियम
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने एक नई योजना का ऐलान किया है, जिसके तहत कोई भी पर्यटक वाहन ऑपरेटर ऑनलाइन मोड के माध्यम से “अखिल भारतीय पर्यटक प्राधिकरण / परमिट” के लिए आवेदन कर सकता है। यह प्रासंगिक दस्तावेजों को जमा करने और फीस जमा करने के बाद जारी किया जाएगा। नियमों का नया सेट, जिसे "अखिल भारतीय पर्यटक वाहन प्राधिकरण और परमिट नियम, 2021" के रूप में जाना जाता है। नए नियम 01 अप्रैल 2021 से लागू होंगे और वैधता के दौरान ही परमिट जारी रहेंगे।

अमृतसर सिविल अस्पताल में चली गोलियां-डाक्टर घायल
सिविल अस्पताल में रविवार सुबह 4:00 बजे मेडिको लीगल रिपोर्ट कटवाने आए दो पक्ष भिड़ गए। इस दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी। एक गोली अस्पताल में कार्यरत एमरजैंसी मेडिकल ऑफिसर भवनीत सिंह को लगी। भवनीत सिंह को तत्काल निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डी.सी.पी. परमिंदर सिंह व सिविल अस्पताल के एस.एम.ओ. डॉ. चंद्रमोहन पहुंचे हैं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। 

डॉक्टर पर गोली चलाने वाला 1 आरोपी गिरफ्तार
जिला स्तरीय सिविल अस्पताल की एमरजेंसी में तैनात डॉक्टर पर गोली चलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है। यह जानकारी पुलिस कमिश्नर डॉ सुखचैन सिंह गिल ने दी। 

मां आखिरी दम तक रोती रही... ‘मुझे मेरे बेटे से मिलवा दो!’
थाना डी-डिवीजन के अंतर्गत आते क्षेत्र की गुंजान आबादी टुंडा तालाब से विवाहिता द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने पर पूरे इलाके में शोक की स्थिति पैदा हो गई। विवाहिता के मायके वालों ने मृतका के इस सख्त कदम उठाए जाने पर ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। महिला की अचानक मौत के कारण पूरे इलाके के लोग घटनास्थल पर इकट्ठे हो गए और इसके जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की, वहीं भाजपा नेता रोमी चोपड़ा ने भी मृतका के परिवारजनों से संवेदना व्यक्त की और पुलिस प्रशासन से आरोपी पक्ष के लोगों की तुरंत गिरफ्तारी की गुहार लगाई है। मृतक महिला अंत तक यही कह कर रोती रही कि मुझे मेरे बेटे से मिलवा दो... मेरे बेटे से मिलवा दो, लेकिन बेरहम ससुराल वालों ने उसके 4 वर्षीय बेटे को उससे नहीं मिलाया और अपनी पैसे लेने की मांग पर अड़े रहे। नतीजन महिला ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।

फायरिंग घटना: अमृतसर के सभी डॉक्टरों ने किया हड़ताल का ऐलान
जिला स्तरीय सिविल अस्पताल में गोली कांड के बाद डॉक्टर में काफी रोष है। पीसीएमएस डॉक्टर एसोसिएशन ने घटना की निंदा करते हुए जिले अमृतसर में हड़ताल कर दी है। एसोसिएशन के राज्य प्रधान गगनदीप सिंह तथा डॉ सतनाम सिंह ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में प्रतिदिन डॉक्टरों पर अत्याचार संबंधी घटनाएं बढ़ रही हैं। 

जालंधर में कोरोना का कहर बरसा पुलिस पर, डी.एस.पी. की हुई मौत
कोरोना को लेकर जिले में फिर स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। रोजाना आ रहे पॉजिटिव केसों ने प्रशासन को चिंतित कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार अब इसकी चपेट में आने से पुलिस विभाग में तैनात डी.एस.पी. की मौत हो गई है। 

जालंधर: सीनियर डीसीएम के खिलाफ नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन ने खोला मोर्चा, जमकर की नारेबाजी
जालंधर रेलवे स्टेशन पर आज नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन की तरफ से फिरोजपुर डिविजनल के सीनियर डीसीएम के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। रेलवे कर्मचारियों की तरफ से इस मौके पर जमकर हंगामा किया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों ने कहा कि उनका जीएम से कोई विरोध नहीं है लेकिन सीनियर डीसीएम की तरफ से अपनाई जा रही कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ वह आज आवाज उठा रहे है।

7 महीने बाद जिले में एक बार फिर कोरोना का बड़ा ब्लास्ट, 315 की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
लगभग 7 महीने के बाद जिले में एक बार फिर कोरोना का बड़ा ब्लास्ट हुआ। रविवार को जहां 7 और उपचाराधीन रोगियों ने दम तोड़ दिया वही 315 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। 

बेटे के पास विदेश जाना भी न हुआ नसीब, भयानक हादसे में हुई दर्दनाक मौत
देवीगढ़-पटियाला राज्य मार्ग पर एक घटे सड़क हादसे में टिप्पर ने मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया। जानकारी के अनुसार देवीगढ़ से थोड़ी दूर तनेजा पेलेस के सामने बाद दोपहर 2 बजे के करीब एक टिप्पर नंबर पी.बी. 11 सी.यू. 5521 ने आगे जाते मोटरसाइकिल नंबर पी.बी. 11 बी.जैड्ड-1611 को साइड मार दी और काफी दूर तक घसीटता ही ले गया, जिस कारण मोटरसाइकल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव जलालाबाद के कुलवंत सिंह (50) पुत्र चन्दा सिंह के रूप में हुई है।

PICS: माता चिंतपुर्णी से लौट रहे श्रद्धालुओं का भयानक एक्सीडेंट, गाड़ी के उड़े परखच्चे, 3 की मौत
बरनाला जिले के गांव वजीदके के नजदीक लुधियाना मार्ग पर घटे भयानक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक कार में सवार होकर माता चिंतपुर्णी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। उसी समय जब एक ट्रक तेल डलवाने के लिए पेट्रोल पंप की ओर आ रहा था तो उसकी पीछे से आ रही कार के साथ जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। 

Content Writer

Sunita sarangal