''एशियन गेम्स'' में पंजाब के युवक ने चमकाया नाम, शूटिंग प्रतियोगिता में जीता पदक
punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 07:55 PM (IST)
तलवाड़ा (जोशी): जिला होशियारपुर के विधानसभा क्षेत्र दसूहा के अंतर्गत आने वाले गांव बह मावा के होनहार युवा नीरज कुमार ने जापान में चल रही 'एशियन गेम्स' में शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीतकर पूरे पंजाब और इलाके का नाम रोशन किया है।
इस बारे में जानकारी देते हुए खिलाड़ी के पिता सेवा-निवृत्त कैप्टन रविंदर सिंह और माता ललिता देवी ने बताया कि नीरज को बचपन से ही शूटिंग (निशानेबाजी) का बहुत शौक था। अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बलबूते उसने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि नीरज इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न देशों में खेलते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ा चुका है। जापान की एशियाई खेलों में नीरज कुमार द्वारा रजत पदक जीतने की खबर जैसे ही गांव बह मावा पहुंची, तो पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। इलाका निवासियों और स्थानीय हस्तियों द्वारा परिवार को लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।

