कनाडा में पंजाबी ड्राइवर की लापरवाही: Ludo खेलते हुए मां-बेटी को था कुचला, अब चढ़ा पुलिस के हत्थे
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 11:56 AM (IST)
पंजाब डेस्क: कनाडा में एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां पंजाबी मूल के ड्राइवर बलजीत सिंह (29) की वजह से दर्दनाक हादसा हुआ। घटना 19 जुलाई 2022 की रात क्यूबेक के ब्रॉसार्ड स्थित हाईवे-30 पर हुई, जब उसने ट्रक से एक कार को टक्कर मार दी।
4 जून 2026 को सुनाई जाएगी सजा
हादसे में कार में सवार मां और उसकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी कई हड्डियां टूट गईं। 21 अप्रैल को कोर्ट में सुनवाई के दौरान बलजीत सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह ट्रक चलाते समय मोबाइल पर लूडो खेल रहा था, जिससे ध्यान भटक गया और हादसा हो गया। आरोपी ने यह भी माना कि वह पहले भी कई बार ड्राइविंग के दौरान ऐसा कर चुका है। पुलिस ने ट्रक की डैशकैम फुटेज जब्त कर ली है, जिसमें वह गेम खेलते नजर आ रहा है। यह फुटेज फिलहाल कोर्ट में सबूत के तौर पर पेश की गई है। मॉन्ट्रियल के लॉन्गयुल कोर्ट में आरोपी ने खतरनाक ड्राइविंग से मौत होने की बात स्वीकार की है। अब इस मामले में 4 जून 2026 को सजा सुनाई जाएगी।
कैलिफोर्निया से गिरफ्तार कर लाया गया कनाडा
पील पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद 20 जुलाई 2022 को अस्पताल से छुट्टी मिलने पर बलजीत सिंह ने पुलिस को बयान दिया कि उसे कुछ याद नहीं है। इसके बाद वह उसी दिन दोपहर की फ्लाइट लेकर भारत आ गया। कुछ समय भारत में रहने के बाद वह कैलिफोर्निया चला गया। जुलाई 2023 में उसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय वारंट जारी किया गया, जिसके बाद 21 अगस्त 2025 को उसे कैलिफोर्निया से गिरफ्तार कर कनाडा लाया गया।

