सैनिटाइजर डाल जलाया बच्चे का चेहरा, बुरी तरह से झुलसा

punjabkesari.in Thursday, May 13, 2021 - 05:27 PM (IST)

अमृतसर(दलजीत शर्मा): कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए घर-घर में प्रयोग किया जा रहा सैनिटाइजर फेंककर एक बच्चे का चेहरा झुलसा दिया गया। सात वर्षीय यह बच्चा गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल लाया गया है। इस घटना को अंजाम देने वाला चौदह वर्षीय किशोर है।

सीमा नामक महिला ने बताया कि वह शिलांग से कुछ दिन पहले ही अमृतसर में अपने रिश्तेदारों के यहां आए हैं। लॉकडाउन की वजह से वे वापस जा नहीं सके। वीरवार को उनका बेटा मनिंदर घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोसी के चौदह वर्षीय बेटे मन्ना ने पहले अपने हाथ में सैनिटाइजर लगाया और फिर मनिंदर के चेहरे पर स्प्रे कर दिया। इसके बाद उसने माचिस से तीली निकालकर जलाई और मनिंदर के चेहरे पर फेंक दी। इससे मनिंदर का चेहरा जलने लगा औऱ वह जोर-जोर से चिल्लाया। 

उन्होंने बताया कि बच्चे का शोर सुनकर जब बाहर आए तो उसका चेहरा जल रहा था। तुरंत बच्चे को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने की वजह से उसे सिविल अस्पताल अमृतसर रैफर कर दिया गया। डाक्टरों के अनुसार बच्चे का चेहरा बुरी तरह झुलस गया है और इलाज जारी है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

पंजाब और अपने शहर की अन्य खबरें पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 

Content Writer

Sunita sarangal