कामरेड बलविन्द्र का कत्ल कैप्टन अमरेंद्र व बिट्टू के बयानों का नतीजा : आर.पी. सिंह

punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2020 - 11:27 AM (IST)

पटियाला(राजेश पंजोला): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने पंजाब की कैप्टन सरकार व कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह व कांग्रेसी सांसद रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा लगातार दिए जा रहे भड़काऊ बयानों का ही नतीजा है कि आतंकवादियों ने सरेआम कामरेड बलविन्द्र सिंह भिखीविंड की हत्या कर दी। 

यहां वर्चुअल प्रैस कांफ्रैंस दौरान पूछे गए एक सवाल के जवाब में आर.पी. सिंह ने कहा कि पहले एस.वाई.एल. व अब खेती सुधार कानूनों के मामले पर कैप्टन ने लगातार आतंकवाद फैलने के बयान दिए। एक संवैधानिक पद पर बैठे हुए व्यक्ति की यह जिम्मेदारी होती है कि वह अमन व कानून को कायम रखे परंतु अगर वही व्यक्ति खुद आतंकवाद फैलने की धमकियां देने लगे तो माहौल खराब होना ही है। एक सोची-समझी साजिश के तहत भाजपा नेताओं के घरों का घेराव करवाया जा रहा है, उन पर हमले करवाए जा रहे हैं। 

पंजाब की कांग्रेस सरकार अपने राजनीतिक मनोरथ के लिए फिर से पंजाब को आतंकवाद की भट्ठी में झोंकना चाहती है। कांग्रेस के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू सरेआम धमकियां दे रहे हैं कि वे भाजपा नेताओं पर हमले करवाएंगे। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस का राजनीतिक एजैंडा चल रहा है। खेती सुधार कानूनों में एक भी शब्द कृषि व किसान विरोधी नहीं है परंतु प्रदेश की कांग्रेस सरकार पंजाब के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अपना राजनीतिक एजैंडा सैट करते हुए पंजाब की अमन-शांति को खराब करना चाहती है। आर.पी. सिंह ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने पुलिस सुरक्षा को स्टेटस सिंबल के साथ जोड़ दिया है। 

कांग्रेस के ब्लॉक स्तर के नेताओं को सुरक्षा देकर उनका राजनीतिक कद ऊंचा करने का प्रयास किया जा रहा है जबकि कॉमरेड बलविन्द्र सिंह की सुरक्षा वापस ले ली गई। स्व. कामरेड का परिवार लगातार सुरक्षा की मांग करता रहा परंतु प्रदेश सरकार व पुलिस ने उनकी नहीं सुनी और उनकी हत्या हो गई। आर.पी. सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंजाब सरकार किसी गलतफहमी में न रहे कि वह पंजाब में फिर से आतंकवाद पैदा करवा देगी। मोदी सरकार पंजाब के लोगों की सुरक्षा व पंजाब की अमन-शांति के लिए कटिबद्ध है। 

Sunita sarangal