राफेल स्कैंडल देश का सबसे बड़ा स्कैंडल : माकन

punjabkesari.in Sunday, Aug 26, 2018 - 08:03 AM (IST)

चंडीगढ़(भुल्लर): मोदी सरकार पर देश की सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाते हुए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि राफेल स्कैंडल देश का सबसे बड़ा स्कैंडल है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान सुनील जाखड़ की उपस्थिति में प्रैस कॉन्फ्रैंस दौरान माकन ने कहा कि यू.पी.ए. के शासन दौरान अगस्त 2007 में भारतीय वायुसेना ने मीडियम मल्टी रोल कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एम.एम.आर.सी.ए.) की जरूरत संबंधी एक आवेदन सरकार को भेजा था।

इसमें 126 जहाज खरीदने का प्रस्ताव था। यू.पी.ए. सरकार के साथ हुए 126 जहाजों के समझौते की जगह मोदी सरकार अब सिर्फ 36 लड़ाकू जहाज खरीद रही है। इनकी कीमत बहुत ज्यादा रखी गई है। यू.पी.ए. सरकार के समय इन लड़ाकू जहाजों की कीमत प्रति जहाज सिर्फ 526.10 करोड़ रुपए तय हुई थी परंतु मोदी सरकार ने यह कीमत प्रति जहाज 1670 करोड़ रुपए तक बढ़ा दी है।

माकन ने  इस संबंधी प्रधानमंत्री पर अपनों को लाभ पहुंचाने के लिए ‘घोर पूंजीवाद’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि अनिल अंबानी की कम्पनी रिलायंस डिफैंस सर्विस लिमिटेड को 30 हजार करोड़ रुपए का ठेका दिया जोकि 10 अप्रैल, 2015 को फ्रांस के साथ मोदी की तरफ से समझौते का ऐलान करने के केवल 15 दिन पहले बनाई गई थी। 

पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी की तरफ से राफेल सौदों बारे किए सीधे रूप में सवाल पर मोदी ने संसद में कोई जवाब नहीं दिया और अब भी उनके पास इसका कोई ठोस जवाब नहीं है। कानूनी नोटिस भेजे जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इन जहाजों के सौदे बारे उनके पास पूरे दस्तावेज हैं। 

swetha