राहुल, कैप्टन बताएं कि कर्ज माफी पर किसानों को धोखा क्यों दिया: शिअद

punjabkesari.in Thursday, Dec 27, 2018 - 07:40 PM (IST)

चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल ने आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह से जानना चाहा कि प्रदेश के किसानों से किए कर्ज माफी से मुकरकर किसानों को धोखा क्यों दिया। 

शिअद नेता विक्रम सिंह मजीठिया ने यहां जारी बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार ने कर्ज माफी के ‘पोस्टर ब्वाय‘ (प्रचार के लिए इस्तेमाल किए गए) बुद्ध सिंह समेत लाखों किसानों को धोखा दिया जबकि चुनाव पूर्व उन्होंने ‘कर्जा कुर्की खत्म, फसल की पूरी रकम‘का नारा दिया था। सैकड़ों किसानों की आत्महत्या के लिए कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए मजीठिया ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण ही है कि पंजाब में किसानी को बर्बाद करने के बाद राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के किसानों से भी ऐसे ही वायदे किए।  

मजीठिया ने आरोप लगाया कि न सिर्फ कैप्टन अमरेंद्र सिंह सरकार ने किसानें का 90,000 करोड़ का कर्ज माफ नहीं किया, प्रदेश में कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है और बुद्ध सिंह के गुरदासपुर जिल में कोटली सूरत माली स्थित घर पर भी कुर्की का नोटिस चिपकाया गया था।   शिअद नेता ने आरोप लगाया कि एक साल से अधिक समय से किसानों को फसल क्षति मुआवजा नहीं दिया गया। धान के किसानों को धान रोपाई की शुरुआत दस दिन देरी से करने के सरकार के आदेश के कारण नुकसान उठाना पड़ा। गन्ना किसानों को 400 करोड़ रुपए का भुगतान नहीं किया गया तथा हाल में आलू किसानों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा लेकिन सरकार अब तक उनके लिए कोई राहत पैकेज नहीं लाई।
 

Vaneet