राहुल 10 को चंडीगढ़, 15 को आएंगे पंजाब

punjabkesari.in Wednesday, May 08, 2019 - 11:37 AM (IST)

जालंधर (धवन): कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अंतिम चरण में पंजाब में 13 सीटों पर होने वाले लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए 15 मई को पंजाब के 2 शहरों में चुनाव प्रचार के लिए आएंगे जबकि चंडीगढ़ की एकमात्र सीट के लिए राहुल गांधी 10 मई को चुनाव प्रचार व कांग्रेस की रैली में भाग लेंगे। कांग्रेसी सूत्रों ने बताया है कि 12 मई को छठे चरण के लिए मतदान होना है। उसके लिए चुनाव प्रचार का कार्य 10 मई को थम जाएगा, इसलिए पंजाब में राहुल गांधी के दौरे को लेकर अंतिम निर्णय 10 मई की शाम तक हो जाएगा। 

पंजाब कांग्रेस चुनाव प्रबंधन कमेटी के चेयरमैन लाल सिंह के अनुसार राहुल गांधी संभवत: 15 मई को पंजाब में 2 लोकसभा सीटों पर चुनाव प्रचार के लिए आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी संभवत: 16 मई को चुनाव प्रचार के लिए पंजाब का दौरा करेंगी। कांग्रेसी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का दौरा संभवत: बङ्क्षठडा तथा अमृतसर लोकसभा सीटों के लिए बनाया जा सकता है।

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह इस संबंध में केन्द्रीय नेतृत्व के साथ बातचीत कर रहे हैं। बङ्क्षठडा में कांग्रेस उम्मीदवार राजा वङ्क्षडग़ का मुकाबला केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के साथ है, जबकि अमृतसर लोकसभा सीट में कांग्रेस उम्मीदवार गुरजीत सिंह औजला का मुकाबला केन्द्रीय मंत्री हरदीप पुरी के साथ है। कांग्रेसी सूत्रों ने बताया कि प्रियंका गांधी के भी लगभग 3 लोकसभा सीटों पर चुनावी कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं। संभवत: प्रियंका गांधी का दौरा गुरदासपुर लोकसभा सीट के लिए बनाया जा सकता है, जहां सांसद सुनील जाखड़ का मुकाबला भाजपा के फिल्म स्टार सन्नी देओल के साथ है। इसी तरह से प्रियंका गांधी को 2 और सीटों पर ले जाने का कार्यक्रम बनाया जा रहा है। पंजाब कांग्रेस यह देख रही है कि जिन सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों को सख्त मुकाबले का सामना करना पड़ रहा है, उन पर प्रियंका गांधी को ले जाया जाए। 

swetha