मंत्री पद को लेकर नाराज हुए विधायकों का मामला, राहुल गांधी ने गठित की 2 सदस्यीय कमेटी

punjabkesari.in Wednesday, Apr 25, 2018 - 08:56 AM (IST)

होशियारपुर (ब्यूरो): पंजाब सरकार के कैबिनेट विस्तार के बाद कांग्रेस के अंदर जो जंग शुरू हुई है वह रुकने का नाम नहीं ले रही। विधायकों में रोष घटने की बजाय बढ़ रहा है। नाराज विधायकों क ी संख्या भी लगातार बढ़ रही है। अब यह मामला राहुल गांधी के दरबार में पहुंच गया है। पंजाब कांग्रेस हाईकमान की ओर से दावा किया जा रहा है कि कांग्रेसी विधायकों में कोई नाराजगी नहीं है जबकि कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से रूठों को मनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन ये विधायक किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं हैं। 


एस.सी./बी.सी. विधायकों के साथ-साथ जनरल कैटेगरी के विधायक भी बहुत खफा हैं क्योंकि उन्हें भी कोई उच्च पद प्रदान नहीं किया गया। ऐसी विकट परिस्थिति कांग्रेस के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। सुविज्ञ सूत्रों के अनुसार नाराज विधायक दिल्ली में डेरा डाले बैठे हैं। कांग्रेस प्रधान की ओर से अशोक गहलोत व मल्लिकार्जुन खडग़े पर आधारित कमेटी बनाई गई है, जो इस मामले से निपटेगी। दोबाआ क्षेत्र से कांग्रेस के कई एस.सी./बी.सी. विधायक हैं लेकिन किसी को भी मंत्री पद नहीं दिया गया। अब देखने वाली बात यह है कि नाराज विधायक अपने इस्तीफे वापस लेते हैं या कांग्रेस हाईकमान की ओर से उन्हें शांत करवाने हेतु कोई विशेष प्रयास किया जाता है।

Sonia Goswami