मंडीकरण और MSP व्यवस्था को नहीं होने देंगे तबाह, डट कर लड़ेंगे लड़ाई-राहुल गांधी

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2020 - 01:39 PM (IST)

चंडीगढ़: खेती कानूनों के खिलाफ पंजाब दौरे के आखिरी दिन पूर्व कांग्रेस प्रधान राहुल गांधी ने कहा कि हमारी यह यात्रा 3 काले कानूनों के खिलाफ है। चंडीगढ़ में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से किसानी को खत्म करने का तरीका ढूंढा गया है। पहले नोटबंदी की गई, फिर जी.एस. टी. और अब कोरोना के समय में छोटे दुकानदार और कारोबारी की मदद न करते हुए यह कानून लाना निंदनीय  है। हम इसके खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंडीकरण ढांचा और कम से -कम समर्थन मूल्य प्रणाली को खत्म की कोशिशों के लिए प्रधानमंत्री मोदी को ज़िम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इन दोनों प्रणालियों को देश के कृषि सैक्टर की दीवार कहा जा सकता है। यदि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार किसानों की कमर तोड़ने में सफल हो गई तो सारा देश अंबानी और अडानी जैसे उद्योगपतियों का ग़ुलाम हो जाएगा।

मंडीकरण और एम.एस.पी. व्यवस्था को तबाह नहीं होने देंगे और किसान -मजदूर के हक में डट कर लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार भारत के साथ वहीं कुछ कर रही है जो कुछ बर्तानिया की ईस्ट इंडिया कंपनी ने किया था। उन्होंने सावधान करते कहा कि अंबानी और अडानी खेती सैक्टर के कामों के लिए मजदूरों से नहीं बल्कि मशीनों से काम लेंगे जिसके साथ लाखों लोग रोजगार से वंचित हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि नई प्रणाली के अंतर्गत किसानों को उद्योगपतियों के साथ सौदेबाजी के लिए मजबूर कर दिया जाएगा और यहां तक कि राज्य का प्रशासन और पुलिस भी उनकी मदद करने के योग्य नहीं रहेंगे। 

Vatika