84 के दंगों को लेकर पित्रोदा का बयान शर्मनाकः राहुल गांधी

punjabkesari.in Monday, May 13, 2019 - 03:48 PM (IST)

खन्ना(बिपन, बैनीपाल): कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रधान राहुल गांधी ने 1984 सिख विरोधी दंगों का मामला उठाते हुए सैम पित्रोदा द्वारा की गई टिप्पणी को शर्मनाक बताया है। वह आज फतेहगढ़ साहिब लोकसभा सीट से कांग्रेसी उम्मीदवार अमर सिंह के चुनाव प्रचार के लिए खन्ना पहुंचे हुए थे। जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि पित्रोदा को ऐसी टिप्पणी पर शर्म आनी चाहिए,उन्हें इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने पित्रोदा को फोन कर देश से माफी मांगने को कहा है। वहीं मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सिर्फ अमीरों को फायदा पहुंचा है।गरीबों के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया। उनका हर गरीब के खाते में 15-15 लाख डालने का वायदा झूठा साबित हुआ है।

राहुल ने कहा कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी गल्ती नोटबंदी तथा गब्बर सिंह टैक्स लगाना है,जिसके बाद आम नागरिकों के लिए जरूरी वस्तुएं खरीदनी मंहगी हो गई थी। सत्ता में आने पर उनकी सरकार हर गरीब परिवार को 72 हजार रुपए देगी।  मोदी ने बेरोजगारी मिटाने का वादा किया था, लेकिन रोजगार वालों को भी बेरोजगार बना दिया। 56 इंच का सीने वाला कहता था सभी के खाते में 15 लाख आएंगे, लेकिन यह वादा भी पूरा नहीं हुआ। राहुल ने कहा कि नोटबंदी अगर काले धन के खिलाफ लड़ाई थी तो गरीब लाइन में क्यों दिखे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा की गरीबों के स्तर ऊंचा उठाने के लिए उन्होंने अर्थशास्त्रियों को बुलाया और न्याय स्कीम बनाई। कहा मोदी ने लाखों करोड़ रुपया अडानी, अंबानी जैसे कुछ उद्योगपतियों को दिया, लेकिन कांग्रेस सरकार गरीब के खाते में पैसे डालेगी। कांग्रेस पार्टी ने निर्णय लिया कि लाखों करोड़ रुपया 5 करोड़ महिलाओं के खाते खाते में जाएगा और यह न्याय योजना के तहत हो पाएगा।  राहुल ने कहा कि नोटबंदी के बाद मोदी ने गरीबों व छोटे व्यापारियों की जेब से पैसा निकाला और अनिल अंबानी की जेब में पैसा डाल दिया। इससे भारत की अर्थव्यवस्था इससे पूरी तरह से नष्ट हो गई। इससे बेरोजगारी पैदा हो गई। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 22 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं। 10 लाख युवाओं को पंचायतों में रोजगार मिलेगा, लेकिन पंचायत व्यवस्था को तो नरेंद्र मोदी की सरकार ने चौपट करके रख दिया। 

राहुल ने कहा कि पंजाब हरित क्रांति का केंद्र रहा है। किसान देश को भोजन देता है। जहां भी हमारी सरकार बनी, वहां किसानों का कर्ज माफ किया गया। जो वादा किया उसे पूरा किया गया। हमने किसानों का कर्ज माफ करके दिखाया। यूपीए के समय एमएसपी बढ़ती रहती थी। मोदी ने फसलों का सही दाम नहीं दिया है।   इस मौके पर उनके साथ मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह,खन्ना के विधायक गुरकीरत सिंह कोटली, समराला के विधायक अमरीक सिंह ढिल्लों, पायल के विधायक लखवीर सिंह लक्खा, कांग्रेसी नेता सतविन्दर कौर बिट्टी, सरहिंद से विधायक कुलजीत सिंह नागरा, आदि उपस्थित थे।

swetha