बरगाड़ी का दौरा करेंगे राहुल गांधी,कांग्रेस ने रखी रैली

punjabkesari.in Monday, May 13, 2019 - 11:16 AM (IST)

जालंधर (धवन): कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने 15 मई को दोपहर 11 बजे बरगाड़ी का दौरा करने का निर्णय लिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने फरीदकोट लोकसभा क्षेत्र में पड़ते बरगाड़ी में कांग्रेस रैली रख ली है जिसमें भाग लेने के लिएराहुल गांधी को आमंत्रित किया गया है। 

उल्लेखनीय है कि बरगाड़ी में ही पूर्व सरकार के समय धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी की घटना के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस फायरिंग हुई थी। बरगाड़ी का मुद्दा लोकसभा चुनाव में छाया हुआ है। पंजाब कांग्रेस कमेटी के चुनाव प्रबंधन के चेयरमैन लाल सिंह के अनुसार राहुल गांधी 15 मई को दोपहर 11 बजे सीधे दिल्ली से बरगाड़ी पहुंचेंगे तथा रैली को सम्बोधित करने के बाद वह उसी दिन दोपहर 1 बजे लुधियाना में होने वाली कांग्रेस की रैली में भाग लेंगे। 

लाल सिंह के अनुसार 13 से 15 मई तक लगातार 3 दिन पंजाब में राहुल गांधी व उनकी बहन प्रियंका गांधी पंजाब का दौरा करने जा रहे हैं। कल (13 मई को) राहुल गांधी सबसे पहले सुबह 11 बजे खन्ना में तथा दोपहर 1 बजे होशियारपुर में कांग्रेस रैलियों को सम्बोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी 14 मई को पंजाब के चुनावी दौरे पर आ रही हैं। प्रियंका गांधी 14 को दोपहर 1 बजे बङ्क्षठडा में चुनावी रैली में भाग लेंगी। चुनावी रैली में भाग लेने के बाद प्रियंका गांधी हैलीकॉप्टर से बङ्क्षठडा से सीधे पठानकोट पहुंचेगी जहां उनका शाम साढ़े 3 बजे रोड शो शुरू होगा। 

प्रियंका पठानकोट से रोड शो करने के बाद सीधी दिल्ली चली जाएंगी। इसी तरह से 15 मई को अगले दिन राहुल गांधी पुन: पंजाब आ रहे हैं तथा दोपहर 11 बजे बरगाड़ी तथा फिर 1 बजे लुधियाना में रैलियों में भाग लेंगे। 16 व 17 मई को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की विभिन्न भागों में चुनावी रैलियां होंगी। 17 मई को भी शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थमने से पहले कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की रैलियां रखी गई हैं। अभी तक पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह का या यू.पी.ए. की चेयरपर्सन सोनिया गांधी का कोई कार्यक्रम नहीं आया है। सोनिया गांधी फिलहाल स्वयं को चुनावी रैलियों से इस बार दूर रख कर ही चल रही हैं। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि अंतिम 2 दिनों में अगर किसी सीट पर कांग्रेस नेतृत्व के नेताओं की जरूरत होगी तो उसे ध्यान में रख कर अगले 1-2 दिनों में कार्यक्रम बनाए जाएंगे।  

swetha