राहुल गांधी बठिंडा व गुरदासपुर में वी.वी.आई.पीज. सीटों पर करेंगे प्रचार!

punjabkesari.in Monday, Apr 29, 2019 - 05:58 PM (IST)

जालन्धर(धवन): कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पंजाब में वी.वी.आई.पीज. सीटों जैसे बठिंडा व गुरदासपुर में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचेंगे। उच्चपदस्थ कांग्रेस सूत्रों से पता चला है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर पंजाब कांग्रेस द्वारा रणनीति बनाई जा रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह इस रणनीति को स्वयं अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। जमीनी स्तर से फीड बैक लेने के बाद पार्टी ने लगभग यह फैसला ले लिया कि राहुल गांधी को कम से कम बङ्क्षठडा तथा गुरदासपुर दोनों सीटों पर प्रचार के लिए अवश्य ले जाया जाए। 

उच्चपदस्थ कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि बठिंडा में अकाली दल की केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल चुनावी मैदान में है जिनका मुकाबला कांग्रेस के विधायक अमरेन्द्र सिंह राजा वडिंग से है। इसी तरह से गुरदासपुर सीट भी हॉट बन गई है क्योंकि भाजपा ने इस सीट पर फिल्म अभिनेता सन्नी देओल को कांग्रेस के उम्मीदवार व प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ के मुकाबले उतारा है। कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय स्तर से पंजाब में विभिन्न सीटों पर बुलाए जाने वाले सैलीब्रिटीयों की सूची भी बनाई जा रही है। 

कांग्रेसी सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी की भी मांग लगातार आ रही है। अभी कांग्रेस यह देख रही है कि यू.पी. में अंतिम चरणों में किन-किन क्षेत्रों में विधानसभा चुनाव सम्पन्न होना है। उसके बाद ही प्रियंका गांधी का कार्यक्रम तैयार किया जाएगा। राहुल व प्रियंका दोनों की मांग लगातार आ रही है। पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह को संभवत: अमृतसर लोकसभा सीट पर चुनाव प्रचार के लिए बुलाया जा सकता है। इसी तरह से कुछ और हॉट सीटों पर भी कांग्रेस के आकर्षक चेहरों को बुलाने पर विचार चल रहा है जिसे अगले 2-4 दिनों में अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की सभी लोकसभा सीटों पर मांग आई है। कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने दो-दो दिन पटियाला, गुरदासपुर, बठिंडा व फिरोजपुर को देने का निर्णय लिया है। कैप्टन अमरेन्द्र सिंह शेष सभी सीटों को प्रचार के लिए एक-एक दिन देंगे। कांग्रेस मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्रों में डटे रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। राहुल गांधी की बड़ी रैलियों की तारीखों का फैसला भी जल्द होने की उम्मीद है। 

Vaneet