राहुल, प्रियंका ने रोड शो के लिए कैप्टन की बस का किया इस्तेमाल, मानते हैं लक्की

punjabkesari.in Monday, Feb 11, 2019 - 09:01 PM (IST)

जालंधर(धवन):  उत्तर प्रदेश के शहर लखनऊ में आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तथा नवनियुक्त महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा निकाले गए रोड शो में उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की बुलेट प्रूफ बस का इस्तेमाल किया। इस बस का कैप्टन ने 2017 में हुए पंजाब विधानसभा के आम चुनावों में इस्तेमाल किया था। इसलिए इस बस को लक्की माना जाता है। 

कांग्रेसी हलकों ने बताया कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने इस बस का इस्तेमाल पंजाब विधानसभा चुनावों के बाद गुरदासपुर लोकसभा सीट के उपचुनाव, शाहकोट विधानसभा सीट के उपचुनाव के समय भी किया था, जिसमें कांग्रेस को भारी सफलता हासिल हुई थी। पार्टी सूत्रों ने कहा कि इस वर्ष की विशेषता यह है कि इसमें हाईड्रोलिक सीट लगी हुई है, जिसके द्वारा एक बटन दबाते ही सीट पर बैठकर व्यक्ति छत पर पहुंच जाता है। 

राहुल व प्रियंका द्वारा प्रयुक्त की गई कैप्टन द्वारा तैयार करवाई विशेष बस में कुछ परिवर्तन भी एस.पी.जी. के अधिकारियों ने करवाए थे। बस की विशेषता यह है कि इसके अंदर भी काफी लोग बैठ सकते हैं। एस.पी.जी. के अधिकारियों के निर्देशों पर बस के ऊपर विशेष रूप से लोहे के जंगले लगवाए गए तथा बस पर पार्टी द्वारा राहुल व प्रियंका के पोस्टर लगाए गए। एयरकंडीशन बस में कम से कम 12 लोगों के बैठने की क्षमता है। कांग्रेसियों का मानना है कि पार्टी इस बस को इसलिए लक्की मानती है क्योंकि 2017 में पंजाब में कांग्रेस को सत्ता हासिल हुई थी, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर इलैक्ट्रानिक मीडिया आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने की बात कह रहा था।

कांग्रेसियों ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अब उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का पुनर्जीवन हो सकेगा। उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस के पक्ष में हवा बहनी शुरू हो जाएगी। बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व कांग्रेस नेतृत्व ने कैप्टन से बस की मांग की थी तथा उन्होंने यह बस प्रियंका के रोड शो के लिए भिजवा दी थी। सूत्रों ने बताया कि इस बस को शनिवार को पंजाब से लखनऊ के लिए रवाना कर दिया गया था। प्रियंका ने आज राहुल के साथ इसी बस से 17 कि.मी. का सफर तय किया। 


 

Vaneet