राहुल आखिरकार क्यों बदलना चाहते हैं पंजाब प्रधान

punjabkesari.in Thursday, Nov 01, 2018 - 10:32 PM (IST)

जालंधर (वेब डेस्क): कांग्रेस प्रधान राहुल गांधी ने राज्य कांग्रेस प्रधान बदलने का पक्के तौर पर मन बना लिया है। यह फैसला एक ही दिन में नहीं बल्कि कई दिनों से इसकी चर्चा चल रही है, जिसके पीछे कई कारण हैं। 

रिस्क नहीं लेना चाहते राहुल

पहला कारण यह है कि लोक सभा चुनाव के दौरान पार्टी किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहती। राहुल चाहते हैं कि जाखड़ जैसा बढ़िया व्यक्ति लोकसभा चुनाव भी जीते और पार्टी की केंद्रीय टीम में अपनी सेवांएं दें। जिस कारण उनसे किसी समय अध्यक्ष पद से इस्तीफा लिया जा सकता है।

राज्य के नेताओं की नाराजगी

दूसरा कारण प्रताप सिंह बाजवा हैं। बाजवा राज्य कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ आए दिन अपनी नाराजगी जाहिर करते रहते हैं। बाजवा के साथ-साथ उनके साथी भी इसी रास्ते की तरफ निकल रहे हैं। राहुल गांधी राज्य कांग्रेस में किसी भी तरह की बगावत नहीं चाहते। इस कारण भी वह प्रधान बदलना चाहते हैं।

2004 का इतिहास दोहराना नहीं चाहती कांग्रेस

2004 के लोकसभा चुनाव के दौरान राज्य में अबकी तरह ही कांग्रेस समर्थक लहर थी। राज्य के मुख्यमंत्री उस समय भी कैप्टन अमरिन्दर सिंह ही थे। इन सबके बावजूद उस समय पर कांग्रेस सिर्फ जालंधर व पटियाला की लोकसभा सीटें ही जीत सकी थी। राहुल नहीं चाहते कि इस बार भी यह इतिहास दोहराया जाए। 

Mohit