पंजाब के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट, IMD ने 28 मार्च तक दिया Update
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 08:25 PM (IST)
पंजाब डेस्क: पंजाब में पिछले दो दिनों से मौसम शुष्क रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में तापमान करीब 2.1 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है, जिससे मौसम सामान्य के करीब पहुंच गया है। इसी बीच चंडीगढ़ मौसम विभाग ने राज्य के मौसम को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है और आने वाले दिनों में मौसम बदलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के अनुसार, 23, 25, 26 और 28 मार्च को पंजाब के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खास तौर पर 26 मार्च को राज्य के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, अमृतसर, तरनतारन और फिरोजपुर समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि 24 मार्च को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं 25 और 26 मार्च को पंजाब के कई हिस्सों में फिर से बारिश देखने को मिल सकती है।
26 मार्च को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर साहिब, मोगा, मानसा, संगरूर, बरनाला और बठिंडा में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही बिजली चमकने और आंधी-तूफान की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 27 मार्च को मौसम साफ रह सकता है, जबकि 28 मार्च को एक बार फिर बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे आने वाले दिनों में पंजाब के मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

