Patiala : सो रही मां-बेटी पर कहर बनकर बरसी बारिश, बच्ची की मौ/त

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 02:17 PM (IST)

पटियाला/सनौर (मनदीप सिंह जोसन, बलजिन्द्र) : बारिश के सीजन में पहली बार पटियाला में 3 से 4 घंटे हुई भारी बारिश ने नगर निगम और पुड्डा की पोल खोल दी है। जहां पटियाला शहर के विभिन्न इलाके और अर्बन एस्टेट तालाब में तब्दील हो गए, वहीं सनौर के कई घरों में 2-2 फुट पानी घुस गया और भांखर रोड पर एक घर की छत गिरने से एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि बच्चे की मां गंभीर रूप से घायल है।

इस सीजन में पटियाला में बहुत कम बारिश हुई या यूं कहें कि नाममात्र ही हुई है। गर्मी से जूझ रहे पटियालावासियों को भले ही बारिश ने राहत दी, लेकिन साथ ही यह बारिश लोगों के लिए आफत बनकर आई। अर्बन एस्टेट के घरों में पानी घुस गया। सनौर भांखर रोड खेड़े वाला इलाका बुरी तरह पानी में डूब गया। लोगों का आरोप है कि नया डाला गया नाले का पाइप बहुत छोटा है, जिसके कारण पानी ने बैक मार दिया। शहर के त्रिपड़ी, अर्बन एस्टेट, पंजाबी यूनिवर्सिटी, स्टेट कॉलेज, आर्य समाज और अन्य इलाके बुरी तरह प्रभावित रहे। कई स्कूलों को छुट्टी करनी पड़ी।

सनौर शहर के भांखर चौक में लगातार हो रही बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के कारण एक कच्चे मकान की छत अचानक ढह जाने से प्रवासी मजदूर के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे में एक छोटी बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे भारी बारिश के कारण घर की छत अचानक गिर पड़ी। उस समय छत के नीचे बच्ची अपनी मां के साथ सो रही थी। छत गिरने से दोनों मलबे के नीचे दब गए। परिजनों और आसपास के लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। जबकि उसकी मां को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों ने बताया कि वे प्रवासी मजदूर हैं और मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करते हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News