राजोआना ने 11 जनवरी से जेल में भूख हड़ताल का किया ऐलान

punjabkesari.in Saturday, Dec 28, 2019 - 11:32 AM (IST)

लुधियाना(हितेश): पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के आरोप में फांसी की सजा प्राप्त बलवंत सिंह राजोआना ने 11 जनवरी से जेल में भूख हड़ताल करने का ऐलान किया है। जिसकी पुष्टि राजोआना की बहन ने उसे जेल से भेजी गई चिट्ठी के आधार पर की है कि पहले 2 बार राजोआना की भूख हड़ताल खत्म करवाने का लिखित आश्वासन देने के बावजूद एस.जी.पी.सी. द्वारा उसकी रिहाई को लेकर संजीदगी नहीं दिखाई जा रही है। 

गौरतलब है कि राजोआना को बेअंत सिंह की हत्या के आरोप में फांसी की सजा मिली हुई है जिसके अमल पर एस.जी.पी.सी. की याचिका पर रोक लग गई थी लेकिन अब गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में केद्र सरकार ने सिख कैदियों की रिहाई के लिए जारी लिस्ट में राजोआना का नाम भी शामिल कर दिया। बेअंत सिंह के परिवार द्वारा उसका विरोध किया गया। 

इस बारे में सांसद बिट्टू द्वारा लोकसभा में मुद्दा उठाने पर गृह मंत्री अमित शाह ने राजोआना की फांसी की सजा माफ न करने की बात कही है। अब इसके विरोध में राजोआना ने 11 जनवरी से जेल में भूख हड़ताल करने का ऐलान कर दिया है। जिस पर टिप्पणी करते हुए सांसद रवनीत बिट्टू ने कहा कि राजोआना को रिहाई के लिए पहले शहीदों के परिजनों से माफी मांगनी चाहिए।

swetha