चंडीगढ़ः मटका चौक पर लाभ सिंह से मिलने पहुंचे राकेश टिकेत, कही ये बात

punjabkesari.in Thursday, Aug 12, 2021 - 12:52 PM (IST)

चंडीगढ़(रमेश हांडा) : किसान कानूनों को लेकर चल रहे आंदोलन में जान फूंकने के मकसद से किसान नेता राकेश टिकैत बुधवार को दो राज्यों के दौरे के दौरान चंडीगढ़ पहुंचे। सैक्टर-17 मटका चौक पर कृषि कानूनों को लेकर निहंग बाबा लाभ सिंह की टिकैत ने जमकर तारीफ की व ऐलान किया कि भविष्य में बाबा लाभ सिंह के योगदान को याद रखने के लिए उनका चंडीगढ़ में बुत्त बनाया जाएगा। 

सैक्टर-17 में टिकैत के स्वागत में सैकड़ों किसान व युवा पहुंच गए, जिसे देख पुलिस भी पशोपेश में पड़ गई। धारा-144 की जमकर धज्जियां उड़ी। लोगों को सैक्टर-17 तक पहुंचने से रोकने के लिए शहर की सीमाओं पर नाके लगा दिए गए। कई जगह जाम लगा रहा। बावजूद इसके सैंकड़ों की संख्या में किसान व उनके समर्थक सैक्टर-17 तक पहुंच गए और धारा 144 लगी होने के बावजूद राकेश टिकैत न केवल अपने काफिले के साथ मटका चौक तक पहुंच गए, बल्कि भाषण भी दे गए। टिकैत सैक्टर-37 व सैक्टर-38 के चौराहों पर भी गए, जहां हर दिन किसान कृषि कानूनों के विरोध में जुटते रहे हैं।

कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए विवश कर देंगे
राकेश टिकैत ने कहा कि वो अलग-अलग राज्यों के दौरे पर हैं। सरकार को कृषि कानूनों को वापस लेना होगा। इसके लिए सरकार को किसान कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए विवश कर देंगे। किसान आंदोलन सही दिशा में चल रहा है और आने वाले दिनों में यह रफ्तार पकड़ लेगा। आने वाले समय में भी वह अलग-अलग रा’यों में जाकर किसानों व कृषि कानूनों का विरोध करने वालों की हौसला अफजाई करने आते रहेंगे। वहीं बुत्त बनाने के सवाल पर लाभ सिंह ने खुशी जाहिर की। लाभ सिंह ने कहा कि आज राकेश टिकैत उनसे मिले हैं, जिसके बाद उनका हौसला भी बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि टिकैत के दौरे के बाद किसानों का आंदोलन तेजी पकड़ेगा। लाभ सिंह ने कहा कि लोगों को चाहिए कि जो ऊर्जा राकेश टिकैत ने यहां आकर दी है। इसको बड़ा आंदोलन का रूप यहां पर दें ।

Content Writer

Vatika