खराब कानून व्यवस्था पर भड़के रंधावा, बोले- सरकार और पुलिस ने बदमाशों के आगे घुटने टेके
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 07:45 PM (IST)
चंडीगढ़ : कांग्रेसी नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने खराब कानून व्यवस्था के बीच गुरदासपुर की घटना के लिए पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार और पुलिस को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को तुरंत गुरदासपुर का दौरा करना चाहिए। सीएम को चाहिए कि वह खुद डिटॉक्स होने की बजाए पंजाब को गैंगस्टरों से डिटॉक्स करवाएं। उन्होंने कहा कि यह पंजाब की बदकिस्मती है कि सरकार और पुलिस ने बदमाशों के आगे घुटने टेक दिए हैं। उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की है कि वह पुलिस से कोई आस न रखें, अपनी रक्षा खुद करें।
गुरदासपुर में दिनदिहाड़े सुनार के डकैती की घटना को सांसद रंधावा ने सरकार की बड़ी नाकामी बताया। कार्यकारी डीजीपी और एसएसपी गुरदासपुर पर भड़कते कहा कि दिनदिहाड़े चल रही गोलियों, मांगी जा रही फिरौतियों और डाले जा रहे डाकों के कारण पंजाब का शहरी डरा हुआ है। किसान डरे हुए हैं। कारोबारियों और दुकानदारों को आखिर सिक्योरिटी कौन देगा? थाने नीलाम हो चुके हैं और पुलिस अपनी जेबें भरने में लगी हुई। उनको पंजाबियों की सुरक्षा यकीनी बनाने के लिए काम करना चाहिए।
सरकार और पुलिस घटना के बाद गैंगस्टरों के एनकाउंटर और एक्शन के लिए तो खुद की पीठ थपथपा रही है, लेकिन आगे से ऐसी घटनाएं नहीं होने देंगे, इसके बारे में कोई बात क्यों नहीं करती है। पहले लोग डरकर घर की तरफ भागते थे, लेकिन अब हालात यह है कि बदमाश उनको घरों के अंदर आकर लूट रहे और मार रहे हैं। सरकार बताए कि लोग अब अपने घरों से कहां जाएं?
उन्होंने एसएसपी गुरदासपुर के शहर में होने के बावजूद घटनास्थल पर नहीं आने और पुलिस टीमों के दो घंटे देरी से आने पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि एसएसपी शहर में बैठा हो, शहर में इतना बड़ा डाका पड़ जाए और खुद एसएसपी घटनास्थल पर न आए, इससे दुखद क्या हो सकता है? उन्होंने कहा कि एसएसपी गुरदासपुर को दोबारा फिजीकल और मैंटल ट्रेनिंग दिलाने की जरूरत है।
रंधावा ने गुरदासपुर के डिप्टी कमिश्नर से अपील की है कि तुरंत बड़े कारोबारियों और उनके परिवारों को हथियार रखने के लाइसेंस बनाकर जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि लोगों के जमा किए गए लीगल हथियार तुरंत वापिस किए जाएं। लाइसेंसी हथियारों को कैंसिल न किया जाए। ताकि लोग उन हथियारों से अपनी रक्षा खुद कर सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि अपराधी कभी भी लाइसेंसी हथियारों का इस्तेमाल नहीं करते। सरकार बताए कि आज तक कितनी लाइसेंसी हथियारों के साथ बदमाशों ने अपराध को अंजाम दिया है। रंधावा ने कहा कि पंजाब का बहुत बड़ा नुकसान हो चुका है। अब सरकार को चाहिए कि वह कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सख्त एक्शन ले और ठोस कदम उठाए।

