रणजीत सागर बांध परियोजना पर बनेगा पंजाब का सबसे बेहतर पर्यटन स्थल : सिद्धू

punjabkesari.in Sunday, Jun 17, 2018 - 02:25 PM (IST)

पठानकोट/जुगियाल (आदित्य, शारदा, शर्मा): पंजाब के पर्यटन, खेल एवं सांस्कृतिक मामले मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने आज रणजीत सागर बांध परियोजना व शाहपुरकंडी के समीप रावी नदी के  किनारे पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बांध स्थल के साथ-साथ अन्य स्थलों का निरीक्षण किया। 

पुलिस विभाग की टुकड़ी द्वारा दी गई सलामी

इससे पहले मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के रावी सदन विश्राम गृह में पहुंचने पर उन्हें पुलिस विभाग की टुकड़ी द्वारा उन्हें सलामी दी गई। इसके पश्चात उन्होंने बांध अधिकारियों, पर्यटन विभाग, पी.आई.डी.वी. व अन्य सलाहकारों से बैठक करके मंत्रणा की। इसके उपरांत उन्होंने पूरी टीम के साथ बांध स्थल का निरीक्षण किया। वहीं हलका विधायक अमित विज ने भी मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को इस स्थल को पर्यटक हब के रूप में विकसित करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि रणजीत सागर बांध परियोजना पर 11 एकड़ भूमि में 2000 करोड़ लागत से पंजाब का सबसे बेहतर पर्यटन स्थल बनेगा। यदि उक्त स्थल पर्यटक हब में विकसित होगा तो यहां पर भारत के साथ-साथ विदेशी सैलानियों की संख्या में इजाफा होगा और आमदन का जरिया बढ़ेगा। 

उन्होंने बताया कि वन विभाग की ओर से तहसील धारकलां के गांव चमरोड़ जोकि बांध परियोजना की झील के साथ लगता है, वहीं पर लगभग 11 एकड़ भूमि पर पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना है तथा इसके लिए वन विभाग की ओर से यहां पर वन्य जीव संरक्षण के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया गया है। सिद्धू ने बताया कि यदि यहां पर अच्छे होटलों का निर्माण हो जाए तो यहां पर पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है। इस अवसर पर विधायक अमित विज व डी.एफ.ओ. संजीव तिवारी ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपनी विशेष प्रैजैन्टेशन भी दिखाई। इस मौके पर पर्यटन विकास सचिव विकास प्रताप, पर्यटन डायरैक्टर शिव दुलार सिंह, पर्यटन विकास सलाहकार एस.पी.एस. ढींढसा, एस.एस.पी. विवेकशील सोनी, एस.डी.एम. अमित महाजन, एस.ई. हैडक्र्वाटर सुधीर गुप्ता, एस.ई एस.के. गुरनाल, कार्यकारी अभियंता नरेश महाजन निरगुण, जे.आर. डोगरा, सुरिन्द्र सैनी, अतिरिक्त जिला उपायुक्त (ज) कुलवंत सिंह आदि उपस्थित थे। 

swetha