नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 05:40 PM (IST)
तपा मंडी (गर्ग,शाम): तपा क्षेत्र में बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने भाई के साथ एक ही मकान में रहते हैं। उनके भाई के घर में पिछले तीन वर्षों से एक महिला किराए पर रह रही है। उस महिला का देवर अमृतपाल सिंह अक्सर वहां आता-जाता था, जिससे उसकी पहचान उनकी नाबालिग बेटी से हो गई।
शिकायत के अनुसार, कुछ दिन पहले छात्रा घबराई हुई अपने परिवार के पास पहुंची और बताया कि अमृतपाल सिंह उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। उसने यह भी आरोप लगाया कि यदि उसकी शादी उससे नहीं कराई गई तो वह अपनी जान को नुकसान पहुंचाने जैसी धमकियां दे रहा था। इसके बाद छात्रा ने अपने साथ हुई कथित घटना की जानकारी परिवार को दी।
परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

