दुष्कर्म के बाद नाबालिगा को जिंदा जलाया,अधजली लाश को नोच रहे थे कुत्ते

punjabkesari.in Thursday, Apr 25, 2019 - 08:15 AM (IST)

खनौरी(हरजीत): पटियाला से संबंधित खनौरी के नजदीकी एक गांव की नाबालिगा को कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दुष्कर्म करने के बाद जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। जानकारी अनुसार पुलिस को मृतका के पिता ने बताया कि वह मजदूरी करता है और उसकी शादी को 23 साल हो गए हैं। उसके 4 बच्चे हैं जिनमें बड़ी लड़की करीब 15 साल की थी। वह खनौरी में एक ब्यूटी पार्लर और सिलाई सैंटर में काम सीखने जाती थी। वह 22 अप्रैल को घर से सुबह 8 बजे खनौरी गई थी, पर वहां से वापस घर नहीं लौटी। उन्होंने उसकी काफी खोज की पर वह नहीं मिली।

एस.एच.ओ. खनौरी इंस्पैक्टर सोहन सिंह ने बताया कि मृतका के पिता के बयानों के आधार पर खनौरी पुलिस ने केस दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस को परिजनों ने बताया कि लड़की की लाश पुल सूआ गांव गोबिन्दपुरा चट्ठे नजदीक झाडियों में पड़ी है। थाना प्रमुख ने बताया कि सूचना मिलते ही खनौरी पुलिस मौके पर पहुंची जहां उन्होंने देखा कि लड़की की अधजली लाश को कुत्तों ने नोचा हुआ था जिसे सिविल अस्पताल संगरूर में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है। पुलिस मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।

swetha