चौलांग रेलवे स्टेशन पर होमगार्ड के 2 कर्मियों ने किया नाबालिगा से दुष्कर्म

punjabkesari.in Thursday, Jul 11, 2019 - 10:49 PM (IST)

टांडा-उड़मुड़(पंडित): चौलांग रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब 7-8 बजे ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के 2 कर्मियों ने 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म कर डाला। पीड़िता ने होमगार्ड कर्मियों के साथ-साथ रिश्ते में उसके चाचा लगते एक शख्स पर भी गत रात उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। 

लड़की होमगार्ड कर्मियों की हवस का शिकार उस समय हुई जब गत रात पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने के उपरांत सुबह तड़के ही उसे रेलवे स्टेशन छोडऩे आया रिश्ते में उसका चाचा लगता उसके साथ संदिग्धावस्था में बैठा था, जिसका लाभ उठा दोनों होमगार्ड कर्मचारियों ने लड़की को डरा-धमका इस वारदात को अंजाम दिया है। रेलवे पुलिस ने पीड़िता के बयान पर होमगार्ड के कर्मचारियों धर्मपाल निवासी काला बकरा व दिलबाग सिंह निवासी बड़चूही व उसके चाचा जसविंद्र सिंह जस्सी के खिलाफ जी.आर.पी. थाना जालंधर में मामला दर्ज कर तीनों को पकड़ लिया है।

डी.एस.पी. टांडा गुरप्रीत सिंह गिल ने घटनास्थल पर पहुंच कर प्राथमिक जांच की और गुस्साए लोगों से बचाव के लिए पकड़े गए आरोपियों को थाने ले जाया गया। पुलिस को दिए  बयान में पीड़ित लड़की ने बताया कि उसकी मां उसके पिता से अनबन होने के चलते भोगपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी के साथ आपसी सहमति से शादी करके रह रही है तथा वह और उसका भाई भी अपनी मां के साथ रह रहा है। इस दौरान रिश्ते में उसके चाचा लगते जसविंद्र ने गत रात अपने गांव के नजदीक किसी बाबा की जगह पर उसे रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया और सुबह 6 बजे मुकेरियां की तरफ जाने के लिए ट्रेन पर चढ़ाने के मकसद से स्टेशन पर छोडऩे आया। 

जब वे बैंच पर बैठे थे तो उक्त होमगार्ड कर्मचारी उनके पास आए और पूछताछ करने लगे। उसके बाद होमगार्ड कर्मियों ने उसके चाचा को उसके माता-पिता को लाने के लिए वहां से भेज दिया और बाद में उसे डराते-धमकाते हुए स्टेशन के एक कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, इसके बाद उसे बाहर छोड़ दिया गया। उसने बाहर आकर जसविंद्र को फोन किया। इस दौरान इस बात का लोगों को पता चलने पर उन्होंने पुलिस को सूचित कर दिया।  पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आरोपियों को लोगों के हुजूम से बचाया और अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित लड़की के चाचा और दोनों होमगार्ड कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तीनों को पकड़ लिया है। डी.एस.पी. रेलवे पुलिस सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लड़की का मैडीकल करवाया है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

swetha