नाबालिगा से दुष्कर्म के आरोपी को पीटा, पी.जी.आई. में मौत; 6 के विरुद्ध मामला दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Oct 04, 2018 - 08:28 AM (IST)

मोगा (आजाद): दुष्कर्म मामले के कथित आरोपी चमकौर सिंह को पीड़ित नाबालिगा के परिजनों ने बुरी तरह से मारपीट कर घायल कर दिया, जिसकी पी.जी.आई. चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इस संबंध में मैहना पुलिस ने मृतक के भाई तरसेम सिंह पुत्र काला सिंह निवासी गांव दोसांझ के बयानों पर पीड़िता के भाई सहित 6 के विरुद्ध गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। 

थाना मैहना के प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि 14-15 वर्षीय एक नाबालिगा ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में आरोप लगाया था कि चमकौर सिंह ने अपने अन्य साथियों तरसेम सिंह उर्फ सेमा, संदीप सिंह तथा गुरप्रीत सिंह निवासी दोसांझ व जग्गा सिंह निवासी गांव लोहगढ़ की मदद से घर आकर उसके साथ दुष्कर्म किया, जब वह अपने घर में अकेली थी।

जब उसने शोर मचाया तो उसकी मां तथा भाई भी आ गए।  इसके बाद पीड़िता के पारिवारिक  सदस्यों ने गुस्से में आकर चमकौर सिंह की बुरी तरह से मारपीट की, जिसके बाद सभी वहां से भाग गए। पीड़िता की शिकायत पर कथित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उक्त मामले की जांच महिला थानेदार हरजीत कौर द्वारा की जा रही है। 

मेरे भाई को किया गया था अगवा : तरसेम सिंह
वहीं दूसरी तरफ मृतक के भाई तरसेम सिंह ने आरोप लगाया कि उसके भाई चमकौर सिंह को अगवा कर उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की गई। तरसेम ने कहा कि उसे घायलावस्था में सिविल अस्पताल मोगा में दाखिल करवाया गया था। डाक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया, जहां उसने दम तोड़ दिया। 

swetha