पहले लड़की को करवाया चिट्टे का नशा, फिर किया रेप का प्रयास

punjabkesari.in Thursday, Nov 07, 2019 - 01:57 PM (IST)

लुधियाना(तरुण): शिवाजी नगर इलाके में एक महिला ने साजिश रच 19 वर्षीय युवती को घर पर बुलाया। युवती को भारी मात्रा में चिट्टे का सेवन करवाया गया जिसके बाद उसे एक कमरे में भेज दिया गया जहां 2 युवक पहले से ही मौजुद थे जिन्होंने युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।



ऐन वक्त पर लड़की का मुंहबोला भाई मौके पर पहुंच गया जिसने शहर के एक प्रमुख समाज सेवक से बात की जिसके बाद सामाजिक संस्था के एक पदाधिकारी पीड़ित लड़की और परिजनों को लेकर ए.सी.पी सैंट्रल के समक्ष पेश हुए व सारी दास्तां बयान की। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, परंतु हदबंदी को लेकर थाना डिवीजन नं. 2 व 3 की पुलिस उलझी रही । बाद में इलाका थाना डिवीजन नं. 3 का निकला। वहीं पुलिस अधिकारी इस मामले को दबाते भी दिखाई दिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरपुरा इलाके की 19 वर्षीय एक  लड़की को उसकी महिला दोस्त ने शिवाजी नगर स्थित घर में बुलाया जहां उसे चिट्टे का नशा दिया गया। नशा करने के बाद पीड़ित लड़की सुध-बुध खो बैठी। जब उसकी नींद खुली तो एक कमरे में 2 लड़कों के साथ पाया। इस दौरान लड़की का मुंहबोला भाई मौके पर पहुंचा तो माजरा देख कर हैरान हो गया। वह पीड़ित लड़की को लेकर घर पहुंचा । 



घर की मालकिन पर पहले ही दर्ज है एन.डी.पी.एस. का मामला
सूत्रों के अनुसार जिस घर में लड़की के साथ वाकया घटित हुआ, वहां नशे का सेवन होता है। कई युवक व युवतियां इस घर में नशे का सेवन करने के लिए आते है। घर जिस महिला का बताया जा रहा है उस पर पहले भी एन.डी.पी.एस. एक्ट के आरोप में केस दर्ज है। इस संबंधी थाना प्रभारी सतीश कुमार से सम्पर्क करने पर उन्होंने बताया कि दुष्कर्म की कोशिश संबंधी शिकायत उन्हें नहीं मिली है। मौके से नशा बरामद हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने इस केस संबंधी 2 लोगों को हिरासत में लिया परंतु आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।  



लड़की को चंडीगढ़ भेजने की थी योजना
सामाजिक संस्था इंसानियत एक धर्म के प्रधान रोहित साहनी ने बताया कि गत रात्रि पीड़ित पक्ष ने उनसे सम्पर्क  साधा तो वह पीड़ित पक्ष को लेकर ए.सी.पी. वरियाम सिंह के समक्ष पेश हुए। पीड़ित लड़की के साथ दुष्कर्म का प्रयास हुआ है, इस बारे में पुलिस जांच कर रही है। पीड़ित लड़की को साजिश के तहत चंडीगढ़ भेजा जाना था परंतु सही समय पर लड़की का भाई पहुंच गया और बड़ी वारदात होने से टल गई। इस वारदात का खुलासा होने के बाद पुलिस निष्पक्ष जांच करे तो कई घटनाएं सामने आ सकती है।

Vatika