रेडीमेड कपड़ों के Showroom में लगी भयानक आग, हुआ लाखों का नुकसान

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 05:56 PM (IST)

भदौड़/बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): कस्बा भदौड़ के मोहल्ला मानां वाला में स्थित रेडीमेड कपड़ों के 'कैप्सन्स' शोरूम में आज सुबह तकरीबन 10:30 बजे दूसरी मंजिल पर बिजली का शॉर्ट सर्किट होने से भयानक आग लग गई, जिससे लाखों रुपयों का माल जलकर राख हो गया। शोरूम के मालिक बलजिंदर सिंह सोनू ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे उन्हें दूसरी मंजिल से धुआं निकलता दिखाई दिया। जब उन्होंने ऊपर जाकर देखा तो आग काफी भड़क चुकी थी। इसकी सूचना तुरंत थाना भदौड़ की पुलिस को दी गई। 

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों ने इकट्ठा होकर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। कुछ समय बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने जब तक आग पर काबू पाया, तब तक 20 से 25 लाख रुपये के कपड़े जलकर राख हो चुके थे। उन्होंने बताया कि सर्दियों का सीजन शुरू होने के कारण कुछ दिन पहले ही नई-नई वैरायटी का कपड़ा खरीदा गया था। उन्होंने कहा कि कपड़ों के नुकसान के अलावा इमारत और फिटिंग का भी भारी नुकसान हुआ है।

आग लगने से पहले भी हो चुका है दुकानदारों का भारी नुकसान

कस्बा भदौड़ में पहले भी आग लगने के कई बड़े हादसे हो चुके हैं। इससे पहले छोटा चौक भदौड़ में कीटनाशक दवाइयों की दुकान, पप्पे दी हट्टी और राजी बिसाती वाले की दुकान में आग लगने से लाखों रुपयों का आर्थिक नुकसान हुआ था। भदौड़ के दुकानदारों द्वारा पंजाब सरकार से बार-बार फायर ब्रिगेड की मांग की जाती रही है, लेकिन समय की विभिन्न सरकारों द्वारा केवल आश्वासन ही दिए गए हैं।

भदौड़ में फायर ब्रिगेड गाड़ी होती तो टल सकता था बड़ा नुकसान

स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने कहा कि यदि भदौड़ में फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौजूद होती तो कैप्शन शोरूम में हुए लाखों रुपयों के नुकसान को काफी हद तक बचाया जा सकता था। उन्होंने सरकार से पुरज़ोर मांग की कि भदौड़ में तुरंत फायर ब्रिगेड सब-स्टेशन स्थापित कर गाड़ी मुहैया करवाई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों के दौरान दुकानदारों के आर्थिक नुकसान को रोका जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News