हैजा फैलने के कारणों की जांच 15 दिन के भीतर होगी : अरोड़ा

punjabkesari.in Wednesday, Jul 25, 2018 - 11:34 PM (IST)

होशियारपुर(जैन): शहर में विकराल रूप धारण कर चुके हैजा के फैलने संबंधी जांच 15 दिनों के भीतर मुकम्मल करवाने का उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने आश्वासन दिया है। आज यहां सिविल अस्पताल परिसर में पत्रकारों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि जांच दौरान अगर कोई भी अधिकारी अथवा कर्मचारी जिम्मेदार पाया जाता है तो उसके खिलाफ बनती कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि सबसे पहले इस बीमारी पर नियंत्रण पाया जाए। सिविल अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त मात्रा में पहले ही दवाइयां उपलब्ध हैं। इसके अलावा सिविल सर्जन को आदेश दिए गए हैं कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न हो।

श्री अरोड़ा ने नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घर-घर जाकर लोगों को जागरुक करने के लिए संयुक्त अभियान चलाया जाए। इस मौके डी.सी. ईशा कालिया, एस.डी.एम. रूपिंद्र सिंह, सिविल सर्जन डा. रेणु सूद, नगर निगम कमिश्नर बलबीर राज सिंह, सहायक कमिश्नर संदीप तिवारी, डी.एम.सी. डा. सतपाल गोजरा, डी.एच.ओ. डा. सेवा सिंह, एस.एम.ओ. डा. विनोद सरीन, जिला कांग्रेस के पूर्व प्रधान डा. कुलदीप नंदा, जिला महासचिव मनमोहन सिंह कपूर, पूर्व जिला कार्यकारी प्रधान ब्रह्मशंकर जिम्पा, कांग्रेस नेता दीपक पुरी के अलावा पार्टी के अनेक पार्षद भी मौजूद थे। 

 

Des raj