रास्ते में रोका, खेल दिखाया और हाथ साफ! ठगे गए रिटायर्ड कर्मचारी
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 01:07 AM (IST)
फरीदकोट (राजन): फरीदकोट शहर में शातिर ठगों का गिरोह सक्रिय होने का मामला सामने आया है। रेस्ट हाउस के नजदीक स्थित ऑफिसर्स क्लब के पास एक रिटायर्ड कर्मचारी के साथ ठगी की वारदात हुई है। ठगों ने नया तरीका अपनाते हुए करीब 60 वर्षीय रिटायर्ड कर्मचारी को झांसा देकर उसके हाथ से सोने की अंगूठी उतरवा ली और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वारदात रेस्ट हाउस से ऑफिसर्स क्लब के बीच हुई। बताया जा रहा है कि ठगों में एक पगड़ीधारी और तीन अन्य मोने युवक शामिल थे। ठगों ने रिटायर्ड कर्मचारी को रास्ते में रोककर तीन गिट्टे दिखाए और खेल खेलने के लिए उकसाया। ठगों ने उसे लालच देते हुए कहा कि अगर गिट्टा उसके पक्ष में आया तो वे उसे दोगुना पैसा देंगे।
उक्त कर्मचारी ठगों की चाल में आ गया और अपनी पहनी हुई सोने की अंगूठी उतारकर उन्हें सौंप दी। जैसे ही ठगों को अंगूठी मिली, वे तुरंत मौके से फरार हो गए और बुजुर्ग को अपने साथ हुई ठगी का अहसास होने तक काफी देर हो चुकी थी। ठगी के शिकार हुए कर्मचारी ने आम लोगों से ऐसे ठग गिरोहों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है और मांग की है कि ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

