लुधियाना में दर्दनाक हादसा, बेटे की आंखों के सामने रिटायर्ड FCI इंस्पेक्टर की मौ/त

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 10:30 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के डेहलों इलाके से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां मलेरकोटला रोड पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) के रिटायर्ड इंस्पेक्टर की जान चली गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक इनोवा कार ने बुजुर्ग की मोटरसाइकिल को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना डेहलों की पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से गांव नंगल के रहने वाले सुखजीत सिंह ने पुलिस को दर्ज करवाए बयानों में बताया कि 26 जून को उनके 78 वर्षीय बुजुर्ग पिता अमरजीत सिंह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर पोहीड़ की तरफ जा रहे थे। सुखजीत भी अपनी गाड़ी पर उनके पीछे-पीछे ही चल रहा था। जब अमरजीत सिंह मलेरकोटला रोड पर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने बने डेरे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार इनोवा कार (नंबर PB-90-7878) के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को सीधे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अमरजीत सिंह उछलकर सड़क पर जा गिरे और उनके सिर से काफी खून बहने लगा। बेटे ने तुरंत राहगीरों की मदद से लहूलुहान पिता को उठाया और इलाज के लिए सरकारी अस्पताल डेहलों लेकर भागा। मगर, अफसोस! अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया है। 

मामले की जांच कर रहे अधिकारी अवतार सिंह ने बताया कि मृतक अमरजीत सिंह एफसीआई (FCI) विभाग से बतौर इंस्पेक्टर रिटायर्ड हुए थे। इस सड़क हादसे के संबंध में थाना डेहलों की पुलिस ने शिकायतकर्ता सुखजीत सिंह के बयानों के आधार पर आरोपी कार चालक आरोपी ड्राइवर प्रदीप कुमार पुत्र महिंदर पाल, निवासी गांव बंबियांवाल (जिला जालंधर) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर लिया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News