मामला रिटायर्ड IG अमर सिंह चहल के साथ हुई करोड़ों की ठगी का, महाराष्ट्र से 6 गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Jan 03, 2026 - 11:51 AM (IST)
पटियाला (बलजिन्द्र): रिटायर्ड आई.जी. अमर सिंह चहल के साथ हुई करोड़ों की ठगी के मामले में पटियाला पुलिस ने महाराष्ट्र से व्यक्तियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इन व्यक्तियों को गिरफ्तार करने के बाद साइबर सेल की टीमें पटियाला के लिए रवाना हो गई हैं। इस बात की पुष्टि करते हुए एस.एस.पी. वरुण शर्मा ने बताया कि पटियाला पुलिस ने कुल 6 व्यक्तियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि इस पूरे गिरोह के सदस्य ऑनलाइन ठगी के मास्टर माइंड हैं। इनसे पूछताछ की जाएगी, जिनसे बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि साइबर सेल की पुलिस ने दिन-रात मेहनत करके इस गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार करके बड़ी सफलता हासिल की है। एस.एस.पी. ने साइबर सैल की टीम की भी सराहना की। यहां यह बताना योग्य है कि रिटायर्ड आई.जी. अमर सिंह के साथ 8 करोड़ 12 लाख की ठगी हो गई थी, जिस कारण वह तनावग्रस्त हो गए थे और अपने अर्बन एस्टेट स्थित घर में खुद को गोली मार ली थी। उन्हें जख्मी हालत में अस्पताल लाया गया, तो डॉक्टरों ने रिटायर्ड आई.पी.एस. को बचा लिया।
जब मामला सामने आया तो पटियाला के साइबर सेल की पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू की और तकनीकी तौर पर जांच करते हुए पहले उन सभी खातों को फ्रीज करवाया गया, जहां पैसे ट्रांसफर हुए थे। मिली जानकारी के मुताबिक, पटियाला पुलिस ने 25 खातों को फ्रीज करवाया था। इनमें आई.जी. चहल के खाते से लगभग 3 करोड़ से ज्यादा की राशि ट्रांसफर हुई थी। इसके बाद साइबर सेल की पुलिस ने जांच शुरू की और इस गिरोह के तार महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से जुड़े पाए गए। फिर पटियाला पुलिस ने दोनों राज्यों की पुलिस से संपर्क करके कार्रवाई शुरू की और धीरे-धीरे साइबर ठगों तक पहुंच गई और 6 को गिरफ्तार कर लिया है। इनसे पटियाला पुलिस ने कई सिम भी रिकवर किए हैं, जिनमें से बंद भी पकड़े गए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

