रे/प के आरोपों में घिरे रिटायर्ड SP की बढ़ी मुश्किलें, महिला से अश्लील बातों का ऑडियो आया सामने!

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 04:33 PM (IST)

पंजाब डेस्क : रेप के आरोपों में फंसे पंजाब पुलिस के एक रिटायर्ड एसपी की कथित कॉल रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप लगाने वाली महिला का दावा है कि इन रिकॉर्डिंग में रिटायर्ड अधिकारी न केवल एक अन्य महिला से आपत्तिजनक बातचीत करता सुनाई दे रहा है, बल्कि अपने दोस्त से भी उस महिला की अश्लील बातें करवाता है।

पीड़िता का आरोप है कि रिटायर्ड एसपी के कई महिलाओं और युवतियों से कथित संबंध थे और वह उन्हें अपने दोस्तों के साथ इस तरह की बातचीत के लिए मजबूर करता था। महिला ने कहा है कि जांच के दौरान वह उन सभी महिलाओं के नाम उजागर करेगी, जो आरोपी के झांसे में आई थीं।

महिला ने ये आरोप पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में दायर याचिका और मोगा पुलिस को दी शिकायत में दर्ज कराए हैं। पीड़िता के वकील का कहना है कि आरोपी के खिलाफ उनके पास कई पुख्ता सबूत मौजूद हैं। यदि पुलिस निष्पक्ष जांच करती है तो आरोपी अधिकारी से जुड़े कई और गंभीर तथ्य सामने आ सकते हैं। वकील ने साफ किया है कि जरूरत पड़ी तो वे दोबारा हाईकोर्ट का रुख करेंगे।

पहली रिकॉर्डिंग करीब छह मिनट लंबी बताई जा रही है, जिसमें आरोपी अधिकारी पहले खुद महिला से अश्लील बातचीत करता है और बाद में अपने दोस्त को फोन सौंप देता है। दूसरी रिकॉर्डिंग में कथित तौर पर महिला को घर बुलाने और मिलने से जुड़ी बातचीत सुनाई देती है।

हाईकोर्ट के निर्देश, पुलिस जांच जारी

इससे पहले हाईकोर्ट ने पुलिस को तीन सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए थे। कोर्ट ने शिकायत दर्ज करने में हुई देरी पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की अपेक्षा भी जताई थी। साथ ही पीड़िता को जांच रिपोर्ट की जानकारी कानून के अनुसार देने के निर्देश दिए गए थे।

पीड़िता ने क्या आरोप लगाए

पीड़िता का कहना है कि वर्ष 2013 में उसकी मुलाकात आरोपी एसपी से एक केस के सिलसिले में हुई थी। आरोपी ने खुद को तलाकशुदा बताते हुए उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने मंदिर में शादी का नाटक किया, लेकिन बाद में यह सामने आया कि उसका तलाक नहीं हुआ था। महिला ने कहा कि जब उसने SP को कहा कि उसके साथ धोखा क्यों किया तो SP ने उसे कहा- "तुम्हारी जैसी लड़कियां टिश्यू पेपर की तरह होती हैं, जिन्हें इस्तेमाल करके फेंक दिया जाता है।''

महिला ने दावा किया कि सच सामने आने के बाद आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई और आरोपी ने जबरन उसका गर्भपात कराया। मोगा के एसएसपी को शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई न होने पर महिला ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। पीड़िता ने आरोपी के प्रभावशाली पद के चलते अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग भी की है। फिलहाल मामला जांचाधीन है और पुलिस का कहना है कि तय समय सीमा के भीतर जांच पूरी की जाएगी। बता दें कि उक्त पूरे मामले में पंजाबी केसरी वायरल ऑडियो को लेकर कोई पुष्टि नहीं करता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News