चिट्टे के नशे के साथ HIV का खतरा! समाजसेवी की पोस्ट से मचा हड़कंप, जारी होगी एडवाइजरी
punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2026 - 03:30 PM (IST)
लहरागागा (गर्ग): लहरागागा में निहंग सिंहों, समाजसेवियों और पुलिस के संयुक्त सहयोग से नशा तस्करों व नशेड़ियों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। स्थानीय निवासियों द्वारा इस पहल की सराहना की जा रही है, लेकिन इसी बीच मुहिम से जुड़े एक सक्रिय समाजसेवी की सोशल मीडिया पोस्ट ने पूरे इलाके में सनसनी और दहशत फैला दी है। पोस्ट में दावा किया गया है कि नशे का सेवन करने वाले युवाओं के साथ-साथ उनके संपर्क में आने वाली कई निर्दोष महिलाएं भी एच.आई.वी. (एड्स) जैसी घातक बीमारी की चपेट में आ रही हैं।
समाजसेवी ने अपने फेसबुक पेज पर चिंता व्यक्त करते हुए लिखा कि 'चिट्टे' का नशा करने वाले युवक अपनी नसों में टीका लगाने के लिए बार-बार एक ही सिरिंज का इस्तेमाल करते हैं, जिससे एच.आई.वी. संक्रमण तेजी से फैल रहा है। हालांकि इस बात की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की कथित लापरवाही व जांच न किए जाने को लेकर शहरवासियों में भय का माहौल है। कार्यकर्त्ता ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इलाके को नशे के साथ-साथ एड्स की महामारी का भी सामना करना पड़ेगा।
पूरे पंजाब की समस्या, जारी होगी एडवाइजरी : सिविल सर्जन
इस गंभीर मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सिविल सर्जन डॉ. अमरजीत कौर ने माना कि युवाओं में बढ़ता चिट्टे का रुझान और एक ही सिरिंज के बार-बार इस्तेमाल से फैलता एचआईवी बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह समस्या पूरे पंजाब में देखी जा रही है, फिर भी वे इस संबंध में जल्द ही एक विशेष एडवाइजरी जारी करेंगी।डॉ. कौर ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर जागरूकता कैंप लगाकर लोगों को संक्रमित सिरिंज से बचने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा, नशा छुड़ाने के लिए पंजीकृत होने वाले प्रत्येक नए मरीज का एच.आई.वी. टैस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। पॉजिटिव पाए जाने वाले मरीजों की काऊंसलिंग कर उन्हें अस्पताल के विशेष ए.आर.टी. सैंटर में भर्ती कर उचित इलाज मुहैया करवाया जाता है। उन्होंने इस अभियान में गैर-सरकारी संगठनों (एन.जी.ओ.) से भी आगे आकर जागरूकता फैलाने की अपील की है।

