लुधियाना में दर्दनाक सड़क हादसा, बेकाबू घोड़ा-ट्राला ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर; एक परिवार के 5 लोग घायल
punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 12:56 PM (IST)
लुधियाना(राज): महानगर के फोकल प्वाइंट क्षेत्र के अंतर्गत आते भंडारी पुल (फेस-5) के नजदीक रफ्तार और लापरवाही के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार और बेकाबू घोड़ा-ट्राला के चालक ने आगे जा रहे एक ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बीच सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों और दो महिलाओं समेत कुल 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। राहगीरों ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती करवाया और घटना की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दी।
पुलिस को दिए बयानों में रोहित कुमार ने बताया कि बीती 18 जून को वह अपने पूरे परिवार और रिश्तेदारों को अपने ई-रिक्शा पर बिठाकर एक धार्मिक स्थल पर माथा टेकने के लिए जा रहा था। ई-रिक्शा में मुदई का 17 वर्षीय भांजा अनीकेत, उसकी भाभी पूजा, भाभी की बहन निशा और निशा की 24 वर्षीय बेटी सीरत सवार थे। जैसे ही उनका ई-रिक्शा फोकल प्वाइंट के फेस-5 स्थित भंडारी पुल के नजदीक पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक बड़े घोड़ा-ट्राला के चालक ने ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए उनके ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। पीड़ित के मुताबिक, ट्राला की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा में सवार सभी 5 लोगों को गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटें आईं। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार और इलाज के लिए पाहवा चैरिटेबल अस्पताल, लुधियाना और दीप अस्पताल, मॉडल टाउन, लुधियाना के इमरजेंसी वार्ड में दाखिल करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जांच अधिकारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर घोड़ा-ट्राला के फरार चालक फरियाद खान के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, बेकसूर लोगों की जान जोखिम में डालने और चोटें पहुंचाने के आरोपों के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ट्राला नंबर को अपने रिकॉर्ड में ले लिया है और आरोपी चालक फरियाद खान की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।

