हादसे में 2 बहनों के इकलौते भाई की मौत, पता चलने पर मां के दिमाग की नस फटी

punjabkesari.in Saturday, Jan 09, 2021 - 10:24 PM (IST)

नूरपुरबेदी (भंडारी): शुक्रवार रात को एक तेज रफ्तार कार चालक द्वारा टक्कर मारने से मोटरसाइकिल पर जा रहे 35 वर्षीय नौजवान की मौत हो गई। उक्त मृतक युवक जिसकी पहिचान अश्विनी कुमार पुत्र कमल कुमार गांव सस्कौर, थाना नूरपुरबेदी के रूप में हुई है। वह हलवाई का कार्य करता था और 2 बहनों का इकलौता भाई था।

पुलिस को दी शिकायत में मृतक चाचा पवन कुमार पुत्र दौलत राम ने बताया कि रात करीब साढे़ 8 बजे भतीजा अश्विनी कुमार और मैं मोटरसाइकिलों पर नूरपुरबेदी से अपने घर गांव सस्कौर जा रहे थे। मेरा भतीजा मेरे से थोड़ा आगे था जबकि मैं उसके पीछे आ रहा था। जब हम घर से कुछ दूरी पहले गांव लखनों में पहुंचे तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार के चालक ने अश्विनी के मोटरसाइकिल को जबरदस्त टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अश्विनी को उसने सरकारी अस्पताल आनंदपुर साहिब में इलाज के लिए पहुंचाया, मगर डाक्टरों ने उसे मृतक करार दे दिया। ए.एस.आई. राम कुमार ने बताया कि उक्त गाड़ी का पता चल गया है और जिसके अज्ञात चालक खिलाफ मामला दर्ज करके कानूनी कार्रवाई आरंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मृतक का सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब में पोस्टमार्टम करवाकर शव को वारिसों के हवाले कर दिया है।

मौत का पता चलने पर मां के दिमाग की नस फटी, पी.जी.आई. रैफर
इकलौते पुत्र की मौत संबंधी जब शनिवार सुबह पारिवारिक सदस्यों ने उसकी माता सरोज राणी को बताया तो वह सदमा सहन न कर सकी और जिस पर उसकी दिमाग की नस फट गई। परिजनों के अनुसार उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाने के उपरांत पी.जी.आई. चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया और वह कौमा में है। मृतक अश्विनी कुमार की 2 साल पहले ही शादी हुई थी और जिसका 6 माह का लड़का है।

Mohit