1 जून को 55 एंट्री-एग्जिट प्वाइंटों पर चक्का जाम, घूमने का प्लान है तो सोच-समझकर निकले घर से बाहर
punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 01:13 PM (IST)
नूरपुरबेदी (भंडारी): हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा वाहनों पर लगाए जा रहे एंट्री टैक्स के विरोध में 1 जून को पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की सीमाओं से जुड़े 55 एंट्री एवं एग्जिट प्वाइंटों पर 4 घंटे का व्यापक चक्का जाम किया जाएगा। यह घोषणा पंजाब मोर्चा के संयोजक गौरव राणा और किरती किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वीर सिंह बड़वा ने संयुक्त रूप से की।
नेताओं ने कहा कि एंट्री टैक्स आम लोगों, टैक्सी चालकों, पर्यटन उद्योग और छोटे व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बन गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को भी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए और पंजाब के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने बताया कि मेहतपुर-नंगल बॉर्डर, कीरतपुर साहिब-मनाली नेशनल हाईवे, नालागढ़-घनौली स्टेट हाईवे सहित पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाले कुल 55 एंट्री-एग्जिट प्वाइंटों पर चार घंटे तक विरोध प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा। रूपनगर, एस.ए.एस. नगर (मोहाली), होशियारपुर, पठानकोट, नालागढ़, ढेरोवाल, भरतगढ़ तथा अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोग इस आंदोलन में भाग लेंगे।
नेताओं ने स्पष्ट किया कि चक्का जाम के दौरान भारतीय सेना के वाहनों, एंबुलैंस, आपातकालीन सेवाओं तथा उन यात्रियों को, जिनके पास हवाई यात्रा या अन्य आवश्यक यात्रा संबंधी दस्तावेज होंगे, पूरी छूट दी जाएगी। आंदोलन को शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से चलाया जाएगा ताकि आम जनता को कम से कम परेशानी हो।
इस अवसर पर पंजाब मोर्चा, किरती किसान मोर्चा, शेर-ए-पंजाब यूनियन, भारतीय किसान यूनियन बहिराम के, जन चेतना मंच रूपनगर, जन अधिकार कल्याण समिति, आजाद टैक्सी यूनियन, पंजाब टैक्सी यूनियन, नूरपुरबेदी टैक्सी यूनियन, श्री आनंदपुर साहिब टैक्सी यूनियन, कीरतपुर साहिब टैक्सी यूनियन, नंगल टैक्सी यूनियन, बीत भलाई समिति तथा होशियारपुर और पठानकोट क्षेत्र की टैक्सी यूनियनों सहित अनेक सामाजिक, किसान और परिवहन संगठनों ने चक्का जाम को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने की घोषणा की है।
गौरव राणा और वीर सिंह बड़वा ने कहा कि यह संघर्ष किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के उन लाखों लोगों की आवाज है जो अनावश्यक टैक्सों और आर्थिक बोझ से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक एंट्री टैक्स का मुद्दा हल नहीं होता, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर मदन गोपाल शर्मा (प्रधान), दर्शन सिंह, कपिल देव बावा, दर्शन सिंह, दिलावर सिंह, दीदार सिंह दारा, महेंद्र पाल हैप्पी, कुलदीप सिंह, सोनू बावा, बिंदर भग्गल, महेंद्र कुमार शौंकी, सुनील कुमार, कमल कुमार, लक्की काका ससकोर तथा किरती किसान मोर्चा के अन्य साथी भी उपस्थित थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

