लुधियाना में धंसी सड़क, फिर बना बड़ा गड्ढा; फिरोजपुर रोड-हंबड़ा रोड लिंक मार्ग बंद
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 12:10 PM (IST)
लुधियाना (हितेश): महानगर में एक बार फिर सड़क धंसने का मामला सामने आया है। फिरोजपुर रोड को हंबड़ा रोड से जोड़ने वाली सड़क पर ऑन हाटल के आगे सग्गू चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर अचानक बड़ा गड्ढा बन गया। सड़क के धंसने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर नगर निगम ने प्रभावित हिस्से को बंद कर दिया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, सड़क के नीचे से गुजर रही वाटर सप्लाई और सीवरेज पाइपलाइन में लीकेज के कारण मिट्टी लगातार खिसकती रही, जिससे सड़क अंदर से पूरी तरह खोखली हो गई। इसी वजह से सड़क धंस गई और बड़ा गड्ढा बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी इसी स्थान पर सड़क धंस चुकी है और एक बार तो पूरा ट्रक सड़क में धंस गया था। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर विनीत शर्मा मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि वाटर सप्लाई लाइन में लीकेज के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। इस दौरान बी एंड आर (B&R) शाखा और ओ एंड एम (O&M) सेल के नगर निगम अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल मरम्मत कार्य पूरा होने तक सड़क को यातायात के लिए बंद रखा गया है। चूंकि यह मुख्य संपर्क मार्ग है, इसलिए लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है और यातायात प्रभावित हो रहा है।

