गटर की सफाई करने वालों के भेस बना घर में घुसे थे लुटेरे, ऐसे दिया लूट को अंजाम

punjabkesari.in Sunday, Jan 24, 2021 - 12:33 PM (IST)

अमृतसर(संजीव): पुतलीघर स्थित गुरु अर्जुन देव नगर में घर वालों को बंधक बना 8.50 लाख की नकदी व सोने के जेवरातों की हुई डकैती के मामले को आज थाना कैंटोनमैंट की पुलिस ने सुलझा लिया है। वारदात करने वाले शम्मी उर्फ अमन उर्फ अम्मू काला निवासी इस्लामाबाद को अमृतसर केंद्रीय जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर जांच के लिए रिमांड पर लिया गया, जिसने पूरे मामले का खुलासा ही नहीं किया, बल्कि अपने 4 साथियों के नाम भी उगले। गिरफ्तार किए गए शम्मी से थाना सिविल लाइन की पुलिस पहले ही दो पिस्तौल व एक एक्टिवा बरामद कर चुकी है।

बताने योग्य है कि शम्मी उर्फ अमन ने अपने साथियों के साथ मिलकर 7 जनवरी को सिविल लाइन क्षेत्र में डाक्टर शिवांगी के घर पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद सिविल लाइन की पुलिस ने शम्मी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। थाना कैंटोनमैंट की पुलिस उसे जांच के लिए लाई थी, जिसने 6 नवम्बर 2020 को पुतलीघर के रहने वाले सुरप्रीत सिंह बेदी के घर पर की गई डकैती का भी मामला उगल दिया, जिसमें उसने अपने साथी दिलदार सिंह, विक्रमजीत सिंह टी.टी., शेरा के नाम उगले जिन्होंने सुरप्रीत के घर पर गटर की सफाई करने वालों का भेस बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। 

यह खुलासा आज ए.सी.पी. वैस्ट देव दत्त ने किया, जिनके साथ थाना कैंटोनमैंट के इंचार्ज इंस्पैक्टर जसपाल सिंह भी थे। फिलहाल पुलिस जेल से लाए गए शम्मी से लूट के लाखों रुपए व जेवरातों में से कुछ भी रिकवर नहीं कर पाई, जबकि दूसरी और उसके द्वारा उगले गए अपने साथियों की पहचान देने के बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है।

Sunita sarangal