गुरदासपुर में मनियारी स्टोर में चोरी, दुकान के ताले तोड़कर लाखों का माल किया साफ
punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 11:40 AM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): गुरदासपुर के गांव वरसोला में बीती देर रात चोरों ने भिंडर मनियारी स्टोर को निशाना बनाया। बदमाश दुकान के ताले तोड़कर 70 हजार रुपये से अधिक की नकदी और लाखों रुपये का कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। चोरी की वारदात का पता दुकान मालिक को सुबह दुकान खोलने पहुंचने पर चला।
दुकान मालिक ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात को दुकान बंद कर सभी ताले लगाकर घर चला गया था। सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और नकदी के साथ कई कीमती सामान गायब थे। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर चोरी की पूरी वारदात सामने आई। दुकान मालिक के अनुसार, चोर 70 हजार रुपये से अधिक की नकदी और लाखों रुपये का महंगा सामान अपने साथ ले गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दुकान मालिक और गांव के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर चोरी किया गया सामान बरामद किया जाए।

