बेखौफ बदमाशों का तांडव: मोबाइल छीनने में नाकाम रहे तो दो दोस्तों पर बरसाए चाकू

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 08:58 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में लुटेरों और झपटमारों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब आम राहगीरों का सड़कों पर पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं रह गया है। कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बीती शाम बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने काम से पैदल घर लौट रहे दो दोस्तों को अपना शिकार बनाया। 

मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे शातिर लुटेरे
वारदात के दौरान मोबाइल छीनने में नाकाम रहने पर बौखलाए लुटेरों ने दोनों युवकों की पीठ के निचले हिस्से में ताबड़तोड़ चाकू घोंप दिए और एक युवक के गले से सोने की चेन झपटकर मौके से फरार हो गए। दोनों घायलों को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल पहुंचाया। मगर उनकी हालत देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। जानकारी देते हुए घायल युवक निलेश शर्मा ने बताया कि वह डायरी चौक के पास रहता है और मजदूरी का काम करता है। रोज की तरह बीती शाम वह अपने दोस्त के साथ ड्यूटी खत्म करके पैदल ही अपने घर की तरफ लौट रहा था। निलेश के अनुसार, जब वे रास्ते में थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चार शातिर लुटेरे वहां आ धमके। 

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस 
लुटेरों ने उन्हें घेर लिया और सबसे पहले निलेश का मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। जब दोनों दोस्तों ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया और लुटेरे मोबाइल नहीं छीन पाए, तो वे बुरी तरह बौखला गए। तैश में आकर बदमाशों ने निलेश पर चाकू से हमला कर दिया और उसकी पीठ पर एक ही जगह पर लगातार दो बार चाकू घोंप दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए दूसरे युवक ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि निलेश पर हमला करने के बाद बदमाशों ने उस पर भी पीछे से वार किया और उसकी पीठ के निचले हिस्से में दो बार चाकू मार दिया। इसके बाद बदमाशों ने उसके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। लहूलुहान हालत में भी घायल युवक ने गजब की हिम्मत दिखाई और भाग रहे लुटेरों की बाइक का नंबर नोट कर लिया। निलेश ने बताया कि वारदात के संबंध में पुलिस प्रशासन को पूरी जानकारी दे दी गई है। उधर, पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत और घायल द्वारा नोट किए गए बाइक के नंबर के आधार पर अज्ञात लुटेरों को पकड़ने के लिए इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है ताकि इन लुटेरों को जल्द से जल्द दबोचा जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News