अजमेर शरीफ माथा टेकने गया था परिवार, पीछे से चोरों ने घर को बनाया निशाना; लाखों की नकदी और सोना-चांदी साफ!

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 08:51 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ हुए चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा। चोरों द्वारा बंद घरों को निशाना बनाने का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक परिवार जब राजस्थान के अजमेर शरीफ में माथा टेकने गया हुआ था, तो पीछे से शातिर चोरों ने बंद घर के ताले चटकाकर लाखों की नकदी और सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार जब वापस लौटा तो घर के हालात देखकर उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता मिट्ठू ने बताया कि वह  कुछ दिन पहले अपने पूरे परिवार समेत राजस्थान स्थित धार्मिक स्थल अजमेर शरीफ में माथा टेकने के लिए गया हुआ था। सफर पूरा करने के बाद जब घर लौटा, तो उन्होंने देखा कि घर की छत पर बने कमरे के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। जब पीड़ित भागकर घर के भीतर गए तो अंदर कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। चोरों ने अलमारी के लॉकर को बड़ी बेरहमी से कटर या रॉड की मदद से तोड़ा और उसमें रखी भारी-भरकम नकदी और गहने चोरी कर लिए। पीड़ित के मुताबिक चोर अलमारी में से 1 लाख 30 हजार रुपये कैश, सोने की एक अंगूठी और 3 ग्राम सोने की बालियां, 10 तोले चांदी की पत्तियां इन सभी कीमती सामानों को कोई अज्ञात शातिर चोर चोरी करके फरार हो गया।

घटना की सूचना तुरंत थाना डिविजन नंबर 2 की पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद से सबूत जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आया कि इलाके के रहने वाले मनु ने चोरी की है, पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News