सुल्तानपुर लोधी में लूटपाट गिरोह का पर्दाफाश, 2 नाबालिग सहित 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 10:35 AM (IST)

सुल्तानपुर लोधी (धीर) : बुरे तत्वों और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वालों के खिलाफ कपूरथला पुलिस द्वारा चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत थाना कबीरपुर पुलिस ने एक लूटपाट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 व्यक्तियों को काबू करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे तथा उनकी निशानदेही पर 7 मोटरसाइकिलें और एक दातर बरामद किया है।

यह कार्रवाई एस.एस.पी. कपूरथला गौरव तूरा आई.पी.एस. द्वारा बुरे तत्वों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत एस.पी.-डी हरिंदर सिंह और ए.एस.पी. सुल्तानपुर लोधी धीरेंद्र वर्मा के नेतृत्व में की गई। थाना कबीरपुर के मुख्य अधिकारी एस.आई. मलकीत सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस पार्टी ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के अनुसार 18 सितम्बर को हरमनप्रीत सिंह पुत्र संतोष सिंह निवासी डबूलियां, थाना फत्तूढींगा ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह अपने मोटरसाइकिल स्प्लेंडर नंबर पी.बी.-09-ए.डी.-7833 पर गांव लाटवाला से बूसोवाल की ओर जा रहा था। जब वह गांव बूसोवाल के निकट पीरां की जगह के पास पहुंचा तो 3 युवकों ने उसका मोटरसाइकिल घेर लिया। शिकायत के अनुसार पीछे बैठे युवक ने दातर से उसकी बांह पर वार किया और डरा-धमकाकर उसका मोटरसाइकिल तथा जेब में रखे 5 हजार रुपए छीन लिए। इस घटना के संबंध में थाना कबीरपुर में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत विभिन्न टीमें गठित कर जांच तेज कर दी और खुफिया तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस टीम ने 19 सितम्बर को कथित मुख्य आरोपी जोबनप्रीत सिंह उर्फ जोबन पुत्र लखा सिंह निवासी घड़का, थाना चोहला साहिब, जिला तरनतारन को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद 20 सितंबर को मामले में शामिल बताए जा रहे 2 नाबालिगों को भी काबू किया गया। पुलिस की पूछताछ और आरोपियों के बयानों के आधार पर कुल 7 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के बाद मामले के दूसरे लिंक्स की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मोटरसाइकिलें किन घटनाओं से जुड़ी हैं। मुख्य आरोपी जोबनप्रीत सिंह को माननीय कोर्ट में पेश करने के बाद 2 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच जारी रखे हुए है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में और भी खुलासे हो सकते हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News