ऑटो पर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाला गिरोह बेनकाब,साले-जीजे सहित 4 गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Feb 08, 2019 - 10:36 AM (IST)

अमृतसर(संजीव): थाना सदर की पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ बाईपास पर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले 4 सदस्य गिरोह का पर्दाफाश किया है। जिसमें पुलिस ने गिरोह के सरगना लवजीत सिंह लव निवासी चक्क मुकंद को उसके जीजा जोगिन्द्र सिंह निवासी वीला तेजा सहित उनके साथी सुच्चा सिंह निवासी गग्गोमाहल व दविन्द्र सिंह निवासी वीला तेजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उक्त आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 9 मोबाइल फोन व वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाला एक ऑटो व एक मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। चौकी फतेहगढ़ चूडिय़ा बाईपास की पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर उन्हें माननीय अदालत के निर्देशों पर जांच के लिए 11 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर लिया है। यह जानकारी चौकी इंचार्ज ए.एस.आई. गुरजीत सिंह ने दी। 

कैसे देते थे वारदातों को अंजाम
रिश्ते में जीजा-साला लवजीत सिंह व जोगिन्द्र सिंह ने एक गिरोह बना रखा था जिसमें अन्य दो आरोपियों को शामिल कर अक्सर एक ऑटो पर वारदातों को अंजाम देते थे। इनमें से एक आरोपी मोटरसाइकिल पर पहले रैकी करता और बाकी तीन उसके पीछे ऑटो पर चलते थे। जांच दौरान आरोपियों ने माना कि ऑटो पर न तो कोई शक करता था और पूछे जाने पर वह अक्सर यही जवाब देते थे कि वह सवारियां लेकर जा रहे है।

चारों आरोपियों ने 27 अगस्त 2018 को बाईपास पर स्थित मोबाइल फोन के एक शोरूम में सेंध लगा हजारों के मोबाइल चोरी किए थे। जिसमें थाना सदर की पुलिस द्वारा केस दर्ज किया गया था। इसमें चल रही जांच के दौरान उक्त आरोपी लवजीत सिंह की सी.सी.टी.वी. फुटेज पुलिस के हाथ लग गई और पुलिस ने उसे 1 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद से आरोपी पुलिस रिमांड पर चल रहा था और उसने 4 फरवरी को अपने जीजा जोगिन्द्र सिंह का नाम उगला और पुलिस उसे गिरफ्तार कर लिया। चौकी इंचार्ज ए.एस.आई. गुरजीत सिंह ने बताया कि दोनों जीजा-साला ने कई वारदातों के खुलासे किए जिन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच दौरान इनके दो साथियों सुच्चा सिंह व दविन्द्र सिंह का पता चलने पर आज उन्हें भी गिरफ्तार कर माननीय अदालत के निर्देशों पर 11 फरवरी तक रिमांड पर लिया गया है। 

गिरोह के सदस्यों से हो रही है गहनता से पूछताछ : चौकी इंचार्ज
चौकी इंचार्ज गुरजीत सिंह का कहना है कि पुलिस उक्त गिरोह के सदस्यों से गहनता से पूछताछ कर रही है और इनके द्वारा सरेआम दी गई कई अन्य वारदातों के भी खुलासे होने की संभावना है।

Anjna