घर में चोरी के बाद चोरों ने उड़ाई दावत! फल खाए, कोल्ड ड्रिंक पी और दराज में छोड़ गए केले के छिलके

punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 09:28 AM (IST)

फतेहगढ़ चूड़ियां (हरजिंदर सिंह गोराया): फतेहगढ़ चूड़ियां के वार्ड नंबर-3 स्थित चितौड़गढ़ रोड पर एक घर में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोर बंद घर को निशाना बनाकर करीब 5-6 तोले सोना और 57 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद चोर घर में आराम से बैठकर फल खाकर और कोल्ड ड्रिंक पीकर चले गए।

पीड़ित गुरमीत सिंह ने बताया कि वह परिवार सहित अपनी बहन के घर अमृतसर गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें फोन आया कि उनके घर का मुख्य गेट और अंदर के दरवाजे खुले हुए हैं। जब वे वापस लौटे तो देखा कि घर की अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे 5-6 तोले सोने के गहने और 57 हजार रुपये नकद गायब थे। परिवार के अनुसार, चोर गेट फांदकर घर में दाखिल हुए। चोरी के बाद उन्होंने बेखौफ होकर घर में रखे फल खाए और कोल्ड ड्रिंक पी। 

इतना ही नहीं, जिस दराज से नकदी चोरी की गई, उसी में केले के छिलके भी छोड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना फतेहगढ़ चूड़ियां के एसएचओ सुरिंदरपाल सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News